नींद की गोलियां नहीं, रात में ट्राई करें केले का यह देसी नुस्खा

क्या आप भी उन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें रात में बिस्तर पर जाने के बाद घंटों नींद नहीं आती? या फिर सुबह उठने के बाद भी शरीर थका-थका और सुस्त महसूस होता है? आजकल तनाव, मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल और अनियमित दिनचर्या की वजह से अच्छी नींद लेना कई लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
ऐसे में सोशल मीडिया पर एक देसी नुस्खा काफी चर्चा में है- केले का उबला पानी। कई लोगों का मानना है कि सोने से पहले इस खास ड्रिंक को पीने से शरीर को आराम मिलता है और नींद बेहतर होती है। यही वजह है कि इसे ‘नेचुरल स्लीप ड्रिंक’ भी कहा जाने लगा है। आखिर केले को उबालकर पीने का यह तरीका इतना लोकप्रिय क्यों हो रहा है और इससे शरीर को क्या फायदे मिलते हैं, आइए जान लेते हैं।
केले का उबला पानी कैसे बनाएं?
एक पका हुआ केला
एक से दो गिलास पानी
स्वाद के लिए एक चुटकी दालचीनी
बनाने का तरीका
सबसे पहले केले को अच्छी तरह धो लें, ताकि उसके छिलके पर लगी गंदगी साफ हो जाए।
अब केले के दोनों सिरे काट दें और उसे टुकड़ों में काट लें। ध्यान रखें कि छिलका नहीं हटाना है।
एक छोटे बर्तन में पानी डालें और उसमें केले के टुकड़े डाल दें। अब इसे धीमी आंच पर करीब 10-15 मिनट या रंग बदल जाने तक उबलने दें।
अब पानी को छानकर एक कप में निकाल लें। अगर चाहें, तो इसमें स्वाद के लिए थोड़ी दालचीनी भी मिला सकते हैं।
इसे सोने से लगभग एक घंटा पहले पिएं।
सुबह उठने पर क्या फर्क महसूस करेंगे?
बेहतर नींद: केले में ट्रिप्टोफैन नामक एक तत्व होता है। शरीर इसे ऐसे हार्मोन में बदलता है, जो स्लीप साइकिल को कंट्रोल करते हैं। इससे रात में अच्छी और गहरी नींद आने में मदद मिलती है।
मसल्स रिलैक्स: केले में मैग्नीशियम और पोटैशियम होते हैं जो मसल्स को रिलैक्स करते हैं। इससे रात में पैरों में होने वाली ऐंठन या जकड़न की समस्या कम हो सकती है।
बेहतर हाइड्रेशन: केले का उबला पानी नेचुरल इलेक्ट्रोलाइट्स का सोर्स माना जाता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इससे सुबह शरीर में पानी की कमी महसूस नहीं होती।
ये भी जरूरी
हमेशा ताजा और अच्छी क्वालिटी वाले केले का इस्तेमाल करें।
अगर आपको केले से एलर्जी है, तो इसका सेवन ना करें।
यह खबर सामान्य जानकारी के लिए है, इसे किसी बीमारी के इलाज का विकल्प ना मानें। लंबे समय से नींद की समस्या है तो एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal