रुपया शुरुआती कारोबार में 96 प्रति डॉलर के आसपास

मुंबई, 05 अक्टूबर । कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के दबाव के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में रहा और 96 प्रति डॉलर के स्तर के आसपास बना रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की समय-समय पर डॉलर की खरीद-बिक्री संबंधी कार्रवाई से दिन के कारोबार में अत्यधिक उतार-चढ़ाव को कम करने और रुपये में तेज गिरावट को रोकने में मदद मिली। हालांकि ऊंची आयात लागत तथा डॉलर की लगातार मजबूती ने निवेशकों की धारणा पर दबाव बनाए रखा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.20 प्रति डॉलर पर खुला। फिर फिसलकर 96.26 प्रति डॉलर पर आ गया जो यह पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट है।
रुपया बृहस्पतिवार को 96 प्रति डॉलर के स्तर से नीचे आ गया था और 96.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को विदेशी मुद्रा और शेयर बाजार बंद रहे थे।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.54 प्रतिशत बढ़कर 102.47 पर कारोबार कर रहा है।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 413 अंक चढ़कर 72,315 अंक पर और निफ्टी 131.55 अंक की बढ़त के साथ 22,554.20 अंक पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.89 प्रतिशत गिरकर 101.34 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 9,484.22 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal