अमेरिका के साथ ईमानदार रहे कनाडा, भविष्य में समझौता तभी संभव : डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन,। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें कनाडा के साथ व्यापार वार्ता दोबारा शुरू करने की कोई जल्दी नहीं है। उन्होंने कनाडा पर अमेरिका के साथ खराब व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि भविष्य में कोई भी समझौता तभी हो सकता है, जब कनाडा अमेरिका के साथ ‘ईमानदार’ रहे।
पत्रकारों ने पूछा था कि क्या वह अमेरिका में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले कनाडा के साथ व्यापार वार्ता फिर से शुरू करेंगे। इस पर ट्रंप ने कहा कि मुझे नहीं पता। कनाडा अमेरिका के साथ बहुत खराब व्यवहार करता है, इसलिए मुझे नहीं पता। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने हम पर कई ऐसे टैरिफ लगाए, जिनके बारे में मेरे अलावा किसी को पता नहीं था। आखिरकार मामला सुलझ जाएगा, लेकिन मुझे इसकी कोई जल्दी नहीं है। हालांकि उन्होंने साफ नहीं किया कि वह कनाडा के किन टैरिफ की बात कर रहे थे।
उनकी बातों से संकेत मिला कि कनाडा के साथ जल्द बातचीत शुरू करना फिलहाल उनकी प्राथमिकता नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि आखिरकार दोनों देशों के बीच व्यापार विवाद सुलझ जाएगा।
ट्रंप ने दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों में असंतुलन होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा, “कनाडा अपना लगभग सारा कारोबार हमारे साथ करता है, जबकि हम उनके साथ बहुत कम कारोबार करते हैं।” ट्रंप ने कहा कि हम कनाडा से सिर्फ एक चीज चाहते हैं कि वे ईमानदार रहें। वे अमेरिका के साथ ईमानदार नहीं हैं। वे वर्षों से हमारा फायदा उठाते आ रहे हैं। हालांकि, ट्रंप ने अपने इन आरोपों के समर्थन में कोई आंकड़ा या उदाहरण नहीं दिया।
बातचीत के दौरान ट्रंप की ये टिप्पणियां विदेश व्यापार नीति को लेकर उनके सख्त बयानों में शामिल थीं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि उनका प्रशासन फिलहाल दूसरे स्तर पर कनाडाई अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहा है या नहीं। उन्होंने यह भी साफ नहीं किया कि औपचारिक व्यापार वार्ता दोबारा शुरू करने के लिए कनाडा को किन शर्तों को पूरा करना होगा।
ट्रंप ने स्पष्ट नहीं किया कि मिडटर्म चुनाव से पहले बातचीत दोबारा शुरू करने के सवाल पर उनका जवाब उस दौरान वार्ता की संभावना को पूरी तरह खारिज करता है या नहीं। उन्होंने बार-बार सिर्फ यही कहा कि उन्हें बातचीत की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की कोई जल्दी नहीं है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal