अक्षरा सिंह की आवाज में गूंजा ‘छठी मइया खेवनहार’

मुंबई, बिहार में बाढ़ की त्रासदी के बीच आम लोगों की पीड़ा, बेबसी और आस्था को आवाज देने वाला भोजपुरी गीत ‘बाढ़ में बिहार, छठी मइया खेवनहार’ रिलीज हो गया है। अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह की आवाज में आए इस गीत में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मुश्किलों के साथ छठी मइया और अन्य देवी-देवताओं से बिहार की रक्षा की प्रार्थना की गई है। गीत के बोल मनोज भावुक ने लिखे हैं, जबकि मधुकर आनंद ने इसका संगीत तैयार किया है।
गीत में बाढ़ के कारण घर-परिवार, खेत-खलिहान और आम जनजीवन पर पड़े असर को भावुक शब्दों के जरिए सामने रखा गया है। संकट के बीच लोगों की उम्मीद और आस्था को गीत का केंद्रीय भाव बनाया गया है। मनोज भावुक के संवेदनशील बोल और मधुकर आनंद का भावप्रधान संगीत अक्षरा सिंह की गायकी के साथ मिलकर बाढ़ की पीड़ा और उससे उबरने की उम्मीद को स्वर देते हैं। ‘हारमोनिया रिकार्ड्स’ से जारी यह गीत आपदा के बीच लोकजीवन और धार्मिक आस्था से जुड़े भावों को सामने लाता है।
इस गीत को अक्षरा सिंह के लिए इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि बाढ़ के दौरान वह खुद बिहार पहुंची थीं और प्रभावित लोगों की मदद में जुटी थीं। ऐसे में गीत की भावनाओं से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव भी दिखाई देता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal