Thursday , October 8 2026

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में गिरावट

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में गिरावट

मुंबई, 08 अक्टूबर । घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।

घरेलू एवं वैश्विक मौद्रिक परिस्थितियों में लंबे समय तक सख्ती बने रहने की बढ़ती संभावना, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी पूंजी की निकासी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 264.97 अंक फिसलकर 72,408.15 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 87.50 अंक की गिरावट के साथ 22,507.65 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से आईटीसी, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर में तेजी रही।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 2.02 प्रतिशत बढ़कर 102.2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 6,121.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स बुधवार को 429.11 अंक और निफ्टी 173.05 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

सियासी मियार की रीपोर्ट