अमेरिका और जापान ने दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों की सराहना की…

वाशिंगटन, 07 जनवरी। अमेरिका और जापान अपने रक्षा सहयोग को प्रगाढ़ करने के लिए जल्द ही जापान में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी की लागत को साझा करने के लिए एक नए पंचवर्षीय समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने यह जानकारी दी।
अमेरिका और जापान के विदेश तथा रक्षा मंत्रियों के बीच बृहस्पतिवार को एक सम्मेलन की शुरुआत में ब्लिंकन ने कहा कि जापान और अमेरिका हाइपरसोनिक हथियारों के खतरों का मुकाबला करने के तरीके समेत रक्षा से संबंधित प्रौद्योगिकियों के शोध और विकास में और अधिक करीबी सहयोग के लिए एक समझौते पर भी हस्ताक्षर करेंगे।
जापान में अमेरिकी सैन्य उपस्थिति की लागत को साझा करने के लिए एक नए फॉर्मूले पर आधारित यह समझौता पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कार्यकाल में हुए विवाद को समाप्त करता है जो अमेरिका-जापान संबंधों में एक महत्वपूर्ण अड़चन था। ब्लिंकन ने कहा कि नया समझौता दोनों देशों की सेनाओं की तैयारी में अधिक निवेश सुनिश्चित करेगा और एक साथ काम करने की उनकी क्षमता में सुधार करेगा।
कोविड-19 से उबर रहे रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने अपने घर से ही डिजिटल माध्यम से सम्मेलन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका-जापान गठबंधन बेहद महत्वपूर्ण है।
ऑस्टिन ने कहा, ‘‘मुक्त, स्थिर और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर बढ़ते तनाव और उत्तर कोरिया की परमाणु महत्वाकांक्षाओं तथा चीन के आक्रामक व्यवहार से उत्पन्न चुनौतियों की पृष्ठभूमि में यह बैठक हो रही है।’’
सियासी मीयर की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal