Friday , September 20 2024

अमेरिका के अलास्का में भूकंप के झटके, सुनामी का खतरा नहीं…

अमेरिका के अलास्का में भूकंप के झटके, सुनामी का खतरा नहीं…

अलास्का, 22 जनवरी । अमेरिकी राज्य अलास्का में तेज भूकंप के झटके आए हैं। रिक्टर स्केल पर 6.2 तीव्रता वाले झटकों से लोग डर गए, हालांकि मौसम विभाग ने सुनामी के खतरे से इनकार किया है।

पश्चिमी अमेरिका के राज्य अलास्का में समुद्र तट के द्वीप अनालास्का में शनिवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किये गए। यूनिवर्सिटी ऑफ अलास्का फेयरबैंक्स के अलास्का अर्थक्वेक सेंटर के वैज्ञानिकों ने बताया कि भूकंप के झटकों की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गयी है। इस तेज भूकंप का केंद्र अलास्का के एंड्रियानॉफ द्वीप समूह से 681 किलोमीटर दूर पूर्वोत्तर में था। स्थानीय समय के अनुसार रात 8 बजकर 17 मिनट पर भूकंप के ये झटके महसूस किये गए।

यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) की ओर से कहा गया कि अनालास्का से 74 किलोमीटर दक्षिण तक ये झटके महसूस किये गए। भूकंप के झटकों की गहराई का आंकलन तीन किलोमीटर किया गया है। झटके इतनी तेज थे कि लोगों को सुनामी का डर सताने लगा था। द यूनाइटेड स्टेट सुनामी वार्निंग सिस्टम ने कहा कि यह महज भूकंप के कारण उत्पन्न डर था। अधिकारियों ने सुनामी की संभावना से साफ इनकार किया है। इसीलिए सुनामी से संबंधित चेतावनी भी नहीं जारी की गयी है।

समुद्रतटीय द्वीप अनालास्का में जिस स्थान पर भूकंप के झटके महसूस किये गए हैं, वह मछली पकड़ने का एक बड़ा केंद्र माना जाता है। वहां पांच हजार से अधिक लोग स्थायी रूप से रहते हैं और मछली पकड़ने वाले या पर्यटकों का आवागमन भी बना रहता है।

सियासी मियार की रिपोर्ट