Saturday , September 21 2024

यूक्रेन पर हमले का 71वां दिन: परमाणु हमले का खतरा बढ़ा, रूस ने किया परमाणु अभ्यास…

यूक्रेन पर हमले का 71वां दिन: परमाणु हमले का खतरा बढ़ा, रूस ने किया परमाणु अभ्यास…

मॉस्को, 05 मई । यूक्रेन पर रूस के हमले के 70 दिन पूरे हो चुके हैं। 71वां दिन आते-आते यूक्रेन पर परमाणु हमले का खतरा और बढ़ गया है। दरअसल रूस ने परमाणु अभ्यास कर इसका एलान भी किया है। रूस ने एलान किया कि उसकी सेनाओं ने कैलिनिनग्राद में परमाणु मिसाइलें दागने का अभ्यास किया है। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार उसकी सेना ने एक से ज्यादा हमलों का अभ्यास कर अपनी मिसाइल प्रणालियों का परीक्षण किया, साथ ही हवाई क्षेत्रों और मिसाइल दागने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे का आकलन भी किया। इस कृत्रिम अभ्यास में छद्म दुश्मन के कई ठिकानों पर हमले किए गए।

यूरोपीय संघ के सदस्य देशों पोलैंड और लिथुआनिया के बीच बाल्टिक सागर स्थित रूसी सेना के ठिकाने पर हुए इस युद्धाभ्यास में इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइल प्रणाली के कृत्रिम इलेक्ट्रानिक लांच का अभ्यास हुआ। यह मिसाइल प्रणाली परमाणु हमले करने में सक्षम है। परमाणु हमला होने की स्थिति में संभावित पलटवार से बचने के उपायों का भी परीक्षण किया गया। परमाणु अभ्यास में हमले के कारण फैलने वाले विकिरण व रासायनिक असर का भी आकलन किया गया। इस अभ्यास में रूस की सेना के 100 से ज्यादा अधिकारी व सैनिक शामिल हुए। इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने साफ कहा कि यदि पश्चिमी देशों ने यूक्रेन में दखल दिया तो खतरा और बढ़ेगा। पहले भी रूस परमाणु अस्त्रों के उपयोग की चेतावनी दे चुका है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन अपनी सेना को परमाणु हमले के लिए तैयार रहने का निर्देश दे चुके हैं।

यूरोपीय संघ में शामिल होने के लिए सर्बिया को सुधारों पर आगे बढ़ना चाहिए : जर्मन चांसलर स्कोल्ज

बर्लिन, 05 मई (वेब वार्ता)। सर्बिया को यूरोपीय संघ में शामिल होने की महत्वाकांक्षा को साकार करने के लिए मीडिया की स्वतंत्रता सहित सुधारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। यह बात जर्मनी चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने बुधवार को कही। उन्होंने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि सभी पश्चिमी बाल्कन देश सदस्य बनें।

स्कोल्ज ने सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूसिक के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सर्बिया के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह अपने सुधारों के प्रयासों को जारी रखे, जिसमें मीडिया की स्वतंत्रता और संगठित अपराध से लड़ना शामिल है।

इससे पहले कोसोवो के प्रधानमंत्री अल्बिन कुर्ती के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में स्कोल्ज ने स्पष्ट किया कि वह पश्चिमी बाल्कन देशों को यूरोप से संबंधित मानते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में, इसके सभी देशों को यूरोपीय संघ से जुड़ा होना चाहिए। इस प्रक्रिया में मदद करने के लिए वह जो कर सकते हैं, वह करने का वादा करते हैं।

सर्बियाई राष्ट्रपति वूसिक ने यूरोपीय संघ में शामिल होने की अपने देश की महत्वाकांक्षा को दोहराया। वूसिक ने कहा कि यूरोपीय संघ में शामिल होना सर्बिया की पसंद है और सर्बिया इसके लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

सियासी मियार की रिपोर्ट