Sunday , September 22 2024

उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ के उम्मीदवारों की बढ़त कायम..

उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ के उम्मीदवारों की बढ़त कायम..

लखनऊ, 04 जून । उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के रुझान में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर बढ़त बनाये है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दिये गये आंकड़ों के मुताबिक अपराह्न एक बजे तक उत्तर प्रदेश की सभी 80 पर मिले रुझानों में ‘इंडिया’ 43 जबकि राजग 35 सीट पर आगे है।

राज्य में ‘इंडिया’ के सबसे बड़े घटक समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी 36 सीट पर बढ़त बनाये हुए हैं। इसके अलावा ‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस सात सीट पर आगे है।

भाजपा उम्मीदवार 33 सीट पर जबकि सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल दो सीट पर बढ़त बनाये हुए है।

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी सीट से, कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली सीट से, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव कन्नौज से और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से मजबूत बढ़त बनाये हुए हैं।

राजनीतिक लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण राज्य माने जाने वाले उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत 12 केंद्रीय मंत्री चुनाव मैदान में हैं। रुझानों में इनमें से चार बढ़त बनाए हुए हैं जबकि आठ पीछे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (वाराणसी), रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी (महराजगंज) और कानून एवं न्याय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल (आगरा) आगे हैं।

इसके अलावा, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर), स्मृति ईरानी (अमेठी), महेंद्र नाथ पांडेय (चंदौली), संजीव कुमार बालियान (मुजफ्फरनगर), अनुप्रिया पटेल (मिर्जापुर), भानु प्रताप सिंह वर्मा (जालौन), कौशल किशोर (मोहनलालगंज) और अजय मिश्रा (खीरी) पीछे हैं।\

सियासी मियार की रीपोर्ट