Sunday , February 15 2026

वनवासी कल्याण आश्रम भेजे गए एबीवीपी के प्रफुल्ल अकांत…

वनवासी कल्याण आश्रम भेजे गए एबीवीपी के प्रफुल्ल अकांत…

लखनऊ, 15 जुलाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रफुल्ल अकांत नई योजना के तहत अब वनवासी कल्याण आश्रम का काम देखेंगे। झारखण्ड के रांची में सम्पन्न राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रान्त प्रचारक बैठक में विविध संगठनों के करीब आधा दर्जन संगठन मंत्रियों की दूसरे संगठनों में योजना की घोषणा हुई है। इसमें सबसे प्रमुख नाम एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रफुल्ल अकांत का है।

उन्हें वनवासी कल्याण आश्रम भेजा गया है। उनके नये दायित्व व केन्द्र की घोषणा वनवासी कल्याण आश्रम करेगा। प्रफुल्ल अकांत मूलत: महाराष्ट्र के नागपुर महानगर के निवासी हैं। लम्बे समय से वह विद्यार्थी परिषद का काम देख रहे थे। वह मध्य प्रदेश में भी एबीवीपी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री रहे हैं। इसी तरह जितेन्द्र कुमार को विश्व हिन्दू परिषद में भेजा गया है। वहीं हरीश को उत्तर क्षेत्र का बौद्धिक प्रमुख बनाया गया है। इसके बाद अखिल भारतीय स्तर की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक 31 अगस्त, 1, 2 सितंबर 2024 को केरल के पलक्कड़ में होगी। इस बैठक में विविध संगठनों के राष्ट्रीय संगठन मंत्री व सह संगठन मंत्री शामिल होंगे। समन्वय बैठक में आपसी विचार-विमर्श के बाद कुछ प्रचारकों को विविध संगठनों में भेजा जायेगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट