Wednesday , October 7 2026

मणिपुर पुलिस ने साइबर अपराध, उग्रवादी गतिविधियों पर कार्रवाई की…

मणिपुर पुलिस ने साइबर अपराध, उग्रवादी गतिविधियों पर कार्रवाई की…

इंफाल, 02 अगस्त। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने समन्वित अभियानों की एक कड़ी के तहत राज्य भर में साइबर अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज बताया कि असम के बारपेटा निवासी बिक्रम बसुमतारी और चिरांग निवासी सुदेम बसुमतारी दोनों आरोपियों को शुक्रवार को इंफाल पश्चिम जिले के खुमान लम्पक स्थित आईएसबीटी के पास फर्जी बैंक खातों से जुड़े एक साइबर अपराध गिरोह का संचालन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कथित तौर पर ये दोनों एक व्यापक आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा रहे हैं जो वित्तीय लेनदेन से संबंधित डेटा एंट्री और पहचान एवं बैंक विवरण सहित संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करने में जुटे थे। उनके नियंत्रण वाले बैंक खाते कई राज्यों में दर्ज वित्तीय अपराधों से जुड़े थे।

एक अन्य घटनाक्रम में एक प्रतिबंधित समूह के स्वयंभू लफ्टिनेंट को इंफाल पूर्वी जिले के उयुमपोक मानिंग लीकाई स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वह व्यक्ति एक अन्य प्रतिबंधित समूह के लिए जबरन वसूली करता था। कार्रवाई के दौरान उसके पास से कई आपत्तिजनक दस्तावेज और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस ने काकचिंग ज़िले के वबागई मायरेनबाम लेइकाई से एक गैरकानूनी संगठन के एक सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्तौल, कारतूस, एक मोबाइल फ़ोन और सरकारी पहचान पत्र बरामद हुआ।

एक अन्य उग्रवादी को इंफाल पूर्वी जिले की न्यू चेकोन आदिवासी कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जाँच में इस साल मार्च में इंफाल पश्चिमी जिले में एक सरकारी अधिकारी के आवास पर हुई गोलीबारी की घटना में उसकी संलिप्तता का पता चला है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक पहचान पत्र बरामद किया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग फिलहाल हिरासत में हैं और उनके खिलाफ आगे की जाँच जारी है।

सियासी मियार की रीपोर्ट