गिरावट के साथ भारतीय बाजार की शुरुआत
-सेंसेक्स 100 से ज्यादा अंक गिरा; निफ्टी 25550 के करीब

मुंबई, 17 अक्टूबर । वैश्विक बाजारों से मिलेजुले रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कमजोर रुख के साथ खुले। तिमाही नतीजों के बाद आईटी शेयरों में गिरावट के चलते बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 100 से ज्यादा अंक गिरकर 83,331 पर खुलने के बाद 65.32 अंक की गिरावट लेकर 83,402.34 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी गिरावट लेकर 25,546 पर खुलकर 25,583 अंक पर लगभग सपाट कारोबार कर रहा था। विश्लेषकों का मानना है कि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) सुस्त आय दर्ज कर सकती है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के निदेशक मंडल की बैठक शुक्रवार को हो रही है जिसमें दूसरी तिमाही के नतीजों पर विचार किया जाएगा। वहीं एशियाई बाजारों में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1 फीसदी टूट गया। ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी, एएसएक्स 200 इंडेक्स 0.60 प्रतिशत फिसल गया जबकि और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.47 फीसदी गिरा। अमेरिका में भी वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। क्षेत्रीय बैंकों में तनाव और अमेरिका-चीन व्यापार विवादों को लेकर चिंता के चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली की। एसएंडपी 500 0.63 फीसदी टूटा, नेस्डेक 0.47 फीसदी नीचे बंद हुआ और डाउ जोंस 0.65 फीसदी गिरा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान जिंक, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, जेएसडब्ल्यू स्टील, आरईसी, पॉलीकैब इंडिया, एलटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज, तेजस नेटवर्क्स, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, डालमिया भारत, सीएट और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया समेत कई कंपनियां आज अपने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal