धार : रेलिया बांध का कायाकल्प, अब राम सेतु के नाम से होगी पहचान

धार, 22 दिसंबर । मध्यप्रदेश के धार जिले की सरदारपुर तहसील के राजगढ नगर में 36 वर्ष पुराने रेलिया बांध का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। नगर परिषद द्वारा किए जा रहे व्यापक सौंदर्यीकरण के बाद यह अब राम सेतु के नाम से जाना जाएगा। बांध के ऊपर से राष्ट्रीय राजमार्ग 47 का ओवरब्रिज गुजरता है, जिससे इसकी भौगोलिक और सामरिक महत्ता और बढ़ जाती है। वर्तमान में सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में है। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले गर्मी के मौसम में नगरवासी और आसपास के क्षेत्र के लोग यहां प्राकृतिक वातावरण के बीच सुकून के पल बिता सकेंगे।
गौरतलब है कि अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर नगर परिषद ने वर्षों पुराने इस बांध का नाम बदलकर श्री राम सेतु रखने का निर्णय लिया था। इसी भावना के अनुरूप यहां सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। यह कार्य अमृत 2.0 योजना के तहत 58 लाख रुपए की लागत से कराया जा रहा है।
सौंदर्यीकरण के बाद बांध की पहचान केवल जंगल के बीच स्थित एक जलस्रोत तक सीमित नहीं रहेगी। यह आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा। इस पर 13 बैराज गेट स्थापित किए हैं। दोनों किनारों पर डेढ़ मीटर ऊंची और 80 मीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट की दीवार का निर्माण किया गया है, जिससे किनारों से मिट्टी का कटाव न हो। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने के बाद राम सेतु न केवल जल संरक्षण का केंद्र रहेगा, बल्कि एक प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में भी पहचान बनाएगा। सुंदरता बढ़ाने के लिए यहां विभिन्न प्रजातियों के करीब 200 पौधे लगाए गए हैं।
नगर परिषद राजगढ की सीएमओ ज्योति सुनारिया ने बताया कि बांध पर लोगों के मनोरंजन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके तहत 30 मीटर लंबे घाट का निर्माण किया है, जिसमें सीढ़ियां भी बनाई गई हैं, ताकि लोग गर्मी के दिनों में पानी के समीप बैठकर आनंद ले सकें।
सियासी मियर की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal