कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी से हड़कंप, फ्लाइट खाली कराई गई…

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की कोलकाता से शिलांग जाने वाली उड़ान में बम होने की आशंका से जुड़ा नोट मिला।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट 6ई-7304 सुबह करीब 9:15 बजे कोलकाता से रवाना होने वाली थी। बोर्डिंग के दौरान विमान के शौचालय में क्रू सदस्य को एक हस्तलिखित पर्ची मिली, जिसमें विमान के अंदर बम होने की बात लिखी थी। यह जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को तुरंत विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां मानक सुरक्षा प्रक्रिया (एसओपी) के तहत व्यापक जांच शुरू कर दी गई।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, यात्रियों और विमान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं। सुरक्षा टीम और बम निरोधक दस्ते द्वारा विमान की गहन तलाशी ली जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया, हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित बताते हुए यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल विमान की जांच प्रक्रिया जारी है और संबंधित एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह से निष्क्रिय किया जा सके।
इससे पहले 30 जनवरी को कुवैत से दिल्ली लौट रहे इंडिगो विमान को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके चलते फ्लाइट को अहमदाबाद में आपात लैंडिंग कराई गई थी। जानकारी सामने आई थी कि इस विमान में 180 यात्रियों समेत 186 लोग सवार थे।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal