गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

हिन्द वतन संवाददाता काकोरी। संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत काकोरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
थाना काकोरी में 9 फरवरी को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। यह कार्रवाई कमिश्नरेट लखनऊ के पुलिस आयुक्त की अनुमति के बाद की गई। मामले में गिरोह के सरगना के रूप में अनूज कुमार यादव निवासी असोहा, जनपद उन्नाव तथा सदस्य अमन यादव निवासी कलिया खेड़ा, थाना काकोरी को नामजद किया गया था। प्रकरण की विवेचना थाना पारा प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह द्वारा की जा रही थी।
वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में सोमवार दोपहर पुलिस टीम ने अमन यादव को दुर्गागंज, काकोरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal