Tuesday , February 17 2026

फायरिंग की सूचना निकली झूठी, युवक गिरफ्तार

फायरिंग की सूचना निकली झूठी, युवक गिरफ्तार

संवाददाता फाजिल अहमद हिन्द वतन काकोरी। काकोरी क्षेत्र में रविवार देर रात फायरिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम 112 पर सूचना मिली कि बाइक सवार युवकों ने एक कार सवार पर फायरिंग कर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन पड़ताल में मामला झूठा निकला।
पुलिस के मुताबिक 15 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे शिवजी उर्फ शिवा यादव निवासी कलियाखेड़ा, काकोरी ने सूचना दी कि उसकी टाटा सफारी कार के आगे आकर दो मोटरसाइकिल सवारों ने फायरिंग की और फरार हो गए। सूचना पर चौकी प्रभारी समदा पुलिस टीम के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे। मौके की बारीकी से जांच करने पर न तो कोई खोखा, कारतूस मिला और न ही कार पर गोली चलने का कोई निशान पाया गया।
घटना स्थल से करीब 20 मीटर दूर टेंट लगाकर ठहरे 8 से 10 मजदूरों से पूछताछ की गई तो उन्होंने भी किसी प्रकार की फायरिंग से इनकार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि सूचना देने वाला युवक पूर्व में भी आपराधिक मामलों में नामजद रहा है और वर्तमान में जमानत पर बाहर है। पुलिस का कहना है कि युवक ने अपने विरोधियों को फंसाने और लोक शांति भंग करने के उद्देश्य से खुद पर फर्जी फायरिंग की सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। वहीं टाटा सफारी कार को भी सीज कर दिया गया है।

सियासी मियार की रीपोर्ट