Wednesday , February 25 2026

रेखा गुप्ता ने पूर्वोत्तर की लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार की निंदा की

रेखा गुप्ता ने पूर्वोत्तर की लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार की निंदा की

नई दिल्ली, 25 फरवरी । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के मालवीय नगर में पूर्वोत्तर की लड़कियों के साथ हुए दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कहा है कि दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई होगी। श्रीमती गुप्ता ने एक्स पर अपने वीडियो संदेश में आज कहा कि पूर्वोत्तर की हमारी बहनों के साथ हुई इस घटना की मैं कड़ी निंदा करती हूं और उनके साथ मजबूती से खड़ी हूं।

उन्होंने कहा कि देश के अलग अलग राज्यों से आने वालों का जितना हक दिल्ली पर है उतना ही अधिकार पूर्वोत्तर के लोगों का है। उनके साथ कोई भी दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिन्होंने ऐसा किया उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा ” यहां हर नागरिक की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है। मैं स्वयं उनसे मिलूंगी। पुलिस पूरी जिम्मेदारी से कानूनी कार्रवाई कर रही है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। किसी भी बेटी को तंग करना, भेदभाव करना या अपमानित करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम सब एक हैं और हर बेटी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।”

उल्लेखनीय है कि दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में अरुणाचल प्रदेश की तीन लड़कियों के साथ उनके पड़ोस में रहने वाले एक दंपति ने मामूली विवाद में दुर्व्यवहार कर नस्लीय टिप्पणी की।

सियासी मियार की रीपोर्ट