Wednesday , February 25 2026

प्रधानमंत्री मोदी इजराइल की दो दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हुए

प्रधानमंत्री मोदी इजराइल की दो दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हुए

नई दिल्ली, 25 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को इजराइल की दो दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हो गए। अपनी इस यात्रा के दौरान वह अपने समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ वार्ता करेंगे, इजराइल की संसद (नेसेट) को संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।

इजराइल यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत और इजराइल एक मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि और प्रगति देखी गई है तथा वह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ अपनी मुलाकात को लेकर आशान्वित हैं।

मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा उनके ‘‘प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू’’ के निमंत्रण पर हो रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली बातचीत को लेकर आशान्वित हूं जिनका उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश के साथ लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और मजबूत करना है।’’

मोदी इजराइल की संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे और ऐसा गौरव प्राप्त करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इस यात्रा के दौरान मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे।

सियासी मियार की रीपोर्ट