Saturday , February 28 2026

ओला इलेक्ट्रिक ने शुरू किया नया जेन-3 अपग्रेड प्रोग्राम

ओला इलेक्ट्रिक ने शुरू किया नया जेन-3 अपग्रेड प्रोग्राम

अपने मौजूदा ग्राहकों के लिए ओला इलेक्ट्रिक ने नया जेन-3 अपग्रेड प्रोग्राम शुरू कर दिया है। जेन-1 और जेन-2 मॉडल्स के ग्राहक अब लेटेस्ट जेन-3 प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट हो सकेंगे, जिसमें एडवांस्ड 4680 ‘भारत सेल’ बैटरी तकनीक वाले वेरिएंट भी शामिल हैं। कंपनी के फाउंडर और सीईओ भाविष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह प्रोग्राम इस वीकेंड से बेंगलुरु में शुरू हो रहा है। इस योजना के तहत पुराने स्कूटर यूजर्स अब एस1 प्रो, एस1 प्रो प्लस और एस1एक्स जेन-3 जैसे नए मॉडल्स चुन सकेंगे, जबकि बाइक ग्राहकों के लिए रोडस्टेर, रोडस्टेर एक्स और रोडस्टेर एक्स प्लस उपलब्ध होंगे। नई जेन-3 सीरीज में मिड-ड्राइव मोटर, चेन-ड्राइव सिस्टम और बेहतर एफिशिएंसी जैसे हार्डवेयर अपग्रेड शामिल किए गए हैं। कुछ मॉडलों की रेंज 320 किमी तक पहुंच सकती है। साथ ही मूव ओएस सॉफ्टवेयर अपडेट राइडिंग अनुभव को और स्मार्ट और सुविधाजनक बनाते हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब ओला इलेक्ट्रिक की मार्केट हिस्सेदारी 36प्रतिशत से गिरकर 4–6प्रतिशत रह गई है। उधर, टीवीएस मोटर और बजाज ऑटो मिलकर ईवी बाजार का 60 प्रतिशत से ज्यादा नियंत्रण कर रहे हैं। कंपनी पर सर्विस डिले, पार्ट्स की कमी और भरोसेमंदी से जुड़े मामलों का असर पड़ा है, जिसके चलते क्यू3 में राजस्व आधा रह गया और 490 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज हुआ। इन चुनौतियों को देखते हुए कंपनी ‘स्ट्रक्चरल रीसेट’ लागू कर रही है। इसके तहत फिजिकल स्टोर्स की संख्या घटाकर 550 की जा रही है और ‘हाइपरसर्विस’ सेंटर्स शुरू किए गए हैं, जहां 80 प्रतिशत सर्विस रिक्वेस्ट उसी दिन पूरी करने का लक्ष्य है। सर्विस बैकलॉग 50 प्रतिशत घट गया है। अपग्रेड प्रोग्राम इसी रणनीति का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ग्राहकों का भरोसा और लॉयल्टी दोबारा हासिल करना है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह योजना ओला की रिकवरी में अहम भूमिका निभा सकती है। हालांकि एक्सचेंज वैल्यू या डिस्काउंट जैसी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

सियासी मियार की रीपोर्ट