Saturday , February 28 2026

खुदाई के दौरान मिली 800 से 1000 ईस्वी के बीच की कब्र

खुदाई के दौरान मिली 800 से 1000 ईस्वी के बीच की कब्र

वैज्ञानिकों को पनामा सिटी से करीब 200 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित एल कानो पुरातात्विक पार्क में खुदाई के दौरान 800 से 1000 ईस्वी के बीच की कब्र मिली है। शोधकर्ता वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह दफन स्थल एक हजार साल से भी अधिक पुराना है। मुख्य शोधकर्ता जूलिया मायो ने बताया कि कब्र से मिले कंकाल के चारों ओर सोने के आभूषणों और मिट्टी के बर्तनों का बड़ा संग्रह मिला है। कंकाल के साथ सोने के कंगन, झुमके और छाती पर पहना जाने वाला एक खास आभूषण मौजूद था, जिन पर चमगादड़ और मगरमच्छ की आकृतियां उकेरी गई थीं। इन आकृतियों को उस समय की सांस्कृतिक धारणाओं और कला का प्रतीक माना जा रहा है। शोधकर्ताओं का कहना है कि मिले हुए गहनों की गुणवत्ता और उनकी प्रतीकात्मक डिजाइन इस बात की ओर इशारा करती है कि यहां दफनाया गया व्यक्ति समाज में बेहद ऊंचा दर्जा रखता था। जूलिया मायो का मानना है कि यह संभवतः उस समुदाय का सबसे बड़ा नेता, योद्धा या प्रभावशाली सदस्य रहा होगा। एल कानो क्षेत्र पिछले दो दशकों से पुरातात्विक अध्ययन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां प्री-हिस्पैनिक यानी यूरोपीय आगमन से पहले की सभ्यताओं के कई अवशेष अब तक मिलते रहे हैं। यह स्थल आठवीं से ग्यारहवीं सदी तक यहां बसे समाजों की दफन परंपराओं से जुड़ा हुआ माना जाता है। शोधकर्ताओं के अनुसार यह क्षेत्र करीब 200 साल तक दफनाने के लिए इस्तेमाल किया गया था और इससे पहले यहां नौ इसी तरह की कब्रें खोजी जा चुकी हैं। पनामा के संस्कृति मंत्रालय ने नई खोज को अत्यंत महत्वपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह न केवल पनामा, बल्कि पूरे मध्य अमेरिकी क्षेत्र की प्राचीन सभ्यताओं को समझने का एक मजबूत आधार साबित होगी। मध्य अमेरिका को उत्तर और दक्षिण अमेरिका के बीच सांस्कृतिक पुल की तरह देखा जाता है, जहां प्राचीन समाजों की अपनी मान्यताएं, कला और विशिष्ट जीवनशैली रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि उस समय की सभ्यताओं में मृत्यु को अंत नहीं माना जाता था, बल्कि जीवन के नए चरण की शुरुआत समझा जाता था। इसी वजह से मृतकों के साथ कीमती वस्तुएं, आभूषण और मिट्टी के बर्तन दफनाए जाते थे, ताकि उनके सामाजिक महत्व और प्रतिष्ठा को मृत्यु के बाद भी दर्शाया जा सके।

सियासी मियार की रीपोर्ट