इमली का पेड़ गिरने से बड़ा हादसा, एक की मौत, पत्रकार घायल

गोरखपुर, 02 अप्रैल । शहर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में इमली का पेड़ अचानक गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जीएम ऑफिस रेलवे के सामने उस समय हुई जब दोनों एक ही गाड़ी से शास्त्री चौक स्थित गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब से अपने घर लौट रहे थे।
मृतक की पहचान जितेंद्र शुक्ला पुत्र मार्कण्डेय, निवासी बिछिया (हनुमान मंदिर के पास) के रूप में हुई है, जबकि घायल प्रमोद पाल पुत्र कन्हैया पाल, निवासी बिछिया (हनुमान मंदिर के पास) हैं, जो पेशे से पत्रकार बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार गाड़ी जितेंद्र शुक्ला चला रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वाहन जीएम ऑफिस रेलवे के सामने पहुंचा, अचानक सड़क किनारे खड़ा एक पुराना इमली का पेड़ टूटकर गाड़ी पर गिर पड़ा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी रही।
डॉक्टरों ने जितेंद्र शुक्ला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पहले सावित्री हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद जब उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, मंत्री पंकज श्रीवास्तव व अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद अंततः जितेंद्र शुक्ला को बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने और जर्जर पेड़ों की समय रहते छंटाई या हटाने की व्यवस्था नहीं होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।यह हादसा एक बार फिर शहर में सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों के रखरखाव पर सवाल खड़े करता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal