बंगलादेश सरकार ने ऊर्जा संकट के बीच खर्च कम करने के लिए कड़े मितव्ययिता उपाय लागू किये

ढाका, बंगलादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ-साथ कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को पश्चिम एशिया में ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के युद्ध के कारण देश में जारी ईंधन संकट के मद्देनजर अब सरकार के नवीनतम मितव्ययिता उपायों के दायरे में लाया जायेगा। इनके आधिकारिक वाहनों के लिए ईंधन आवंटन में 30 प्रतिशत की कटौती की जायेगी।
कैबिनेट डिवीजन ने सार्वजनिक व्यय में कटौती के उद्देश्य से कई कदमों की रूपरेखा तैयार की है। संसद भवन में प्रधानमंत्री रहमान की अध्यक्षता में यह बैठक कई घंटों तक चली।
इसमें लिये गये निर्णयों के अनुसार, सरकारी वाहनों के लिए मासिक ईंधन आवंटन में 30 प्रतिशत की कटौती की जायेगी। साथ ही, सभी सरकारी कार्यालयों को ईंधन, बिजली और गैस के उपयोग में इसी अनुपात में कमी करने का निर्देश दिया गया है।
आवासीय भवनों के सौंदर्यीकरण पर होने वाले खर्च में 20 प्रतिशत की कटौती की जायेगी, जबकि गैर-आवासीय भवनों के सौंदर्यीकरण व्यय में 50 प्रतिशत की कमी की जायेगी। इसके अलावा, सभी भूमि अधिग्रहणों को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
साथ ही सभी सरकारी और निजी कार्यालय सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेंगे। बैंकों में लेन-देन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक होगा और शाम 4:00 बजे तक बैंक पूरी तरह बंद कर दिये जायेंगे।
शॉपिंग मॉल को शाम 6:00 बजे तक बंद करने का निर्देश दिया गया है, हालांकि भोजनालय, फार्मेसी और विभागीय स्टोर पहले की तरह ही संचालित होते रहेंगे। शादियों, पार्टियों या किसी भी प्रकार के उत्सवों के लिए सजावटी लाइटिंग की अनुमति नहीं दी गई है।
इसी तरह किसी भी नये सरकारी वाहन, जहाज या विमान की खरीद पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal