अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध समाप्ति की सुगबुगाहट तेज, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिया बड़ा बयान
-दूसरे दौर की कूटनीतिक वार्ता के लिए इस्लामाबाद में फिर सज सकती है चर्चा की मेज

वॉशिंगटन, 15 अप्रैल । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक बड़ी उम्मीद जगाई है। फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ चल रही लड़ाई अब ‘खत्म होने के करीब’ है। हालांकि उन्होंने तेहरान के साथ बातचीत में आने वाली रुकावटों का जिक्र भी किया, लेकिन उनका मानना है कि परिस्थितियां अब समाधान की ओर बढ़ रही हैं। ट्रंप ने अमेरिकी रणनीतिक स्थिति को बेहद मजबूत बताते हुए कहा कि ईरान एक डील करना चाहता है और अमेरिका इस पूरे मामले को बहुत करीब से समाप्त होते हुए देख रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वॉशिंगटन और तेहरान के बीच राजनयिक जुड़ाव का दूसरा दौर जल्द ही शुरू हो सकता है। इस्लामाबाद में पहले दौर की चर्चा के बाद अब दूसरे राउंड की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। सीएनएन के सूत्रों के अनुसार, इस डेलिगेशन का नेतृत्व फिर से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर सकते हैं। इस कूटनीतिक पहल में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। ये सभी सलाहकार पिछले कई घंटों से ईरानी अधिकारियों और बिचौलियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं।
हालांकि बातचीत का अगला चरण अभी पूरी तरह तय नहीं हुआ है, लेकिन अमेरिकी अधिकारी दूसरे दौर की खास बातों पर गहन विचार-विमर्श कर रहे हैं। ट्रंप ने अपने शीर्ष सलाहकारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे दुश्मनी खत्म करने के लिए एक ठोस राजनयिक रास्ता खोजें। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि वे ईरान को फिर से मजबूत होने का अवसर देने के बजाय एक ऐसी डील चाहते हैं जो क्षेत्र में स्थाई शांति सुनिश्चित करे। आने वाले कुछ दिनों में इस्लामाबाद में होने वाली संभावित बैठक इस वैश्विक संकट का रुख तय कर सकती है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal