इनवेस्को म्यूचुअल फंड ने पेश किये दो नये फंड

मुंबई, 25 अप्रैल । परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी इनवेस्को म्यूचुअल फंड ने गुरुवार को इनवेस्को इंडिया बीएसई सेंसेक्स इंडेक्स फंड और इनवेस्को इंडिया निफ्टी बैंक इंडेक्स फंड पेश किये।
इनके न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) आज ही खुले हैं। ऑफर बंद होने की तारीख 07 मई है।
एनएफओ के दौरान न्यूनतम निवेश राशि 100 रुपये है और उसके बाद एक रुपये के गुणकों में निवेश किया जा सकता है। एसआईपी निवेश के लिए दोनों योजनाएं दैनिक (न्यूनतम 20 रुपये डिजिटल प्लेटफॉर्म पर), साप्ताहिक (न्यूनतम 100 रुपये) और मासिक (न्यूनतम 100 रुपये) और तिमाही (न्यूनतम 300 रुपये) के विकल्प प्रदान करती हैं। निवेशकों से फंड से निकलते समय कोई एग्जिट लोड नहीं लिया जायेगा।
इनवेस्को इंडिया बीएसई सेंसेक्स इंडेक्स फंड एक ओपन-एंडेड योजना है जो बीएसई सेंसेक्स को ट्रैक करती है। यह फंड इक्विटी और इक्विटी संबंधित प्रतिभूतियों में पैसिव निवेश करेगा। यह योजना सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में उसी अनुपात में निवेश करेगी जैसा कि सूचकांक में है।
इनवेस्को इंडिया निफ्टी बैंक इंडेक्स फंड भी एक ओपन-एंडेड योजना है। यह निफ्टी बैंक सूचकांक को ट्रैक करते हुए इक्विटी और इक्विटी संबंधित प्रतिभूतियों में पैसिव निवेश करेगा। निफ्टी बैंक सूचकांक में देश के प्रमुख बैंकिंग संस्थान (निजी और सार्वजनिक) शामिल हैं। यह अर्थव्यवस्था की वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है।
इनवेस्को म्यूचुअल फंड की गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मजबूत घरेलू खपत, जनसांख्यिकीय लाभ, नीतिगत सुधार और गहराते वित्तीय बाजारों के साथ देश का अनुकूल आर्थिक वातावरण दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण को समर्थन देता है।
दोनों नये फंड निवेशकों को पैसिव निवेश के माध्यम से देश की दीर्घकालिक वृद्धि के अवसरों तक पारदर्शी और लागत-कुशल पहुंच प्रदान करने के लिए बनाये गये हैं। उनका प्रबंधन अभिषेक बहिनीपति द्वारा किया जायेगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal