ट्रंप ने ईरान की घेराबंदी जारी रखने का आदेश दिया

वाशिंगटन, 29 अप्रैल । अमेरिका और ईरान के बीच बात ठप होने के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रशासन को ईरान की घेराबंदी जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, व्हाइट हाउस में सोमवार को शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ हुई बैठक में श्री ट्रंप ने ईरान की अर्थव्यवस्था और तेल निर्यात पर दबाव बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया है। इसके तहत ईरानी बंदरगाहों से होने वाली जहाजों की आवाजाही को पूरी तरह रोकने की रणनीति अपनाई गई है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, श्री ट्रंप वर्तमान में अपनी इस मांग को छोड़ने के पक्ष में नहीं हैं कि ईरान कम से कम 20 वर्षों के लिए अपने परमाणु संवर्धन को स्थगित करने की शपथ ले और उसके बाद भी कड़े प्रतिबंधों को स्वीकार करे।
श्री ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और परमाणु वार्ता को बाद की वार्ताओं के लिए छोड़ने का ईरान का तीन चरणों वाला प्रस्ताव यह साबित करता है कि ईरान नेक नीयत से बातचीत नहीं कर रहा है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध में अपने सैन्य उद्देश्यों को पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि ईरानी बंदरगाहों की सफल घेराबंदी के कारण, अमेरिका के पास अब ‘अधिकतम लाभ’ की स्थिति है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि घेराबंदी जारी रहने से संघर्ष लंबा खिंच रहा है, जिससे गैस की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसका असर श्री ट्रंप की लोकप्रियता और मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की संभावनाओं पर भी पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के बड़े हमलों के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से समुद्री परिवहन अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal