Tuesday , October 6 2026

दिग्गज FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर का मुनाफा 21 प्रतिशत उछला

दिग्गज FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर का मुनाफा 21 प्रतिशत उछला

-चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 2,994 करोड़ रुपये के पार, शेयरधारकों को मिलेगा 22 रुपये का बंपर लाभांश

नई दिल्ली देश की प्रमुख एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,994 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले साल इसी अवधि में 2,475 करोड़ रुपये था। सर्फ एक्सेल और लाइफबॉय जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स की मालिक कंपनी की आय में यह पिछले 12 तिमाहियों की सबसे तेज वृद्धि है। कंपनी के राजस्व में भी 8.13 प्रतिशत का उछाल देखा गया है, जो अब 16,172 करोड़ रुपये हो गया है।

एचयूएल के मुनाफे में इस बार ‘न्यूट्रीशनलैब’ में हिस्सेदारी की बिक्री से हुए असाधारण लाभ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कंपनी ने वेलबीइंग न्यूट्रिशन की मूल कंपनी को यूएसवी (USV) को बेचकर 256 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी का कुल शुद्ध लाभ 15,059 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। कंपनी की सीईओ और प्रबंध निदेशक प्रिया नायर ने बताया कि अनुकूल व्यापक आर्थिक नीतियों और मांग सृजन क्षमताओं को मजबूत करने के चलते यह सफलता मिली है। कंपनी ने विज्ञापन और प्रचार पर भी अपना खर्च 6 प्रतिशत बढ़ाकर 1,509 करोड़ रुपये किया है।

बेहतर परिणामों के बीच एचयूएल के निदेशक मंडल ने अपने शेयरधारकों के लिए प्रति शेयर 22 रुपये के अंतिम लाभांश (डिविडेंड) का प्रस्ताव रखा है। यदि इसे अक्टूबर में घोषित 19 रुपये के अंतरिम लाभांश के साथ जोड़ा जाए, तो कंपनी इस वित्त वर्ष में कुल 9,633 करोड़ रुपये का लाभांश भुगतान करेगी। भविष्य की चुनौतियों पर बात करते हुए प्रबंधन ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव के कारण जिंसों की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, लेकिन कंपनी अपनी मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और संतुलित मूल्य निर्धारण के जरिए इन चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।