होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव बढ़ा, ईरानी सेना प्रमुख ने अमेरिकी जहाजों को दी कड़ी चेतावनी

तेहरान, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के सेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातामी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अमेरिकी विमानवाहक पोत होर्मुज जलडमरूमध्य के करीब आने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें सैन्य जवाब का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने इस क्षेत्र में क्रूज मिसाइलों और कॉम्बैट ड्रोन की तैनाती कर रखी है।
सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में हातामी ने कहा कि अमेरिकी जहाजों ने रडार से बचते हुए क्षेत्र के पास पहुंचने की कोशिश की, लेकिन ईरान ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उनके अनुसार, ईरानी बलों ने आसमान में ड्रोन और मिसाइलें तैनात कर यह स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
हातामी ने यह भी कहा कि फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की कड़ी निगरानी बनी हुई है। उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र का हर हिस्सा हमारी निगरानी में है और किसी भी गतिविधि का जवाब देने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।” उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां बढ़ने से वैश्विक चिंता भी गहराती जा रही है।
दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसके दो वाणिज्यिक जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर चुके हैं। हालांकि, ईरान ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। तेहरान का कहना है कि अमेरिकी बयान वास्तविक स्थिति को छिपाने की कोशिश है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal