यूक्रेन संघर्ष समाप्ति की ओर अग्रसर: पुतिन

मास्को, 10 मई रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उन्हें लगता है कि यूक्रेन के साथ रूस का संघर्ष समाप्त होने वाला है। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत संघ की जीत के उपलक्ष्य में मस्को में आयोजित एक सीमित सैन्य परेड के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह बात कही। यह जानकारी बीबीसी ने रविवार को दी।
सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण रूस की वार्षिक परेड में टैंकों एवं मिसाइलों का सामान्य प्रदर्शन नहीं हुआ क्योंकि अधिकारियों को आशंका थी कि यूक्रेन ड्रोन से रेड स्क्वायर को निशाना बना सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता से मास्को और कीव के बीच अंतिम समय में हुए युद्धविराम ने किसी भी हमले के खतरे को कम कर दिया और परेड बिना किसी रुकावट के संपन्न हुई।
श्री पुतिन की ये टिप्पणियां उनके विजय दिवस भाषण के कुछ ही घंटों बाद आईं जिसमें उन्होंने युद्ध को जायज ठहराया था। उस भाषण में उन्होंने कहा कि रूस एक न्यायपूर्ण युद्ध लड़ रहा है और यूक्रेन को एक आक्रामक शक्ति करार दिया जिसे नाटो के पूरे गुट द्वारा हथियार और समर्थन दिया जा रहा है।
बाद में, जब एक संवाददाता सम्मेलन में पश्चिम देशों द्वारा यूक्रेन की मदद करने के बारे में पूछे गए सवाल पर श्री पुतिन ने कहा, “उन्होंने (पश्चिम ने) सहायता का वादा किया और फिर रूस के साथ टकराव को हवा देना शुरू कर दिया जो आज तक जारी है। मुझे लगता है कि मामला अब सुलझने वाला है लेकिन यह एक गंभीर मामला है।”
रूसी सेना ने 2014 में क्रीमिया और पूर्वी यूक्रेन के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया, फिर फरवरी 2022 में यूक्रेन पर पूर्ण रूप से आक्रमण शुरू कर दिया। श्री पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की से तभी मिलेंगे जब एक स्थाई शांति समझौते पर सहमति बन जाएगी।
श्री पुतिन ने कहा कि उन्होंने सुना है कि श्री ज़ेलेंस्की व्यक्तिगत मुलाकात के लिए तैयार हैं लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब हमने इस तरह के बयान सुने हैं। श्री पुतिन ने कहा कि वह यूरोप के लिए नई सुरक्षा व्यवस्था पर बातचीत करने के लिए तैयार हैं और उनके पसंदीदा वार्ताकार जर्मनी के पूर्व चांसलर गेरहार्ड श्रोडर होंगे।
पूर्व जर्मन चांसलर राष्ट्रपति पुतिन के लंबे समय से मित्र हैं और रूसी सरकारी ऊर्जा कंपनियों के लिए अपने काम के कारण विवादास्पद हैं।
अमेरिका के नेतृत्व में सप्ताहांत में हुए युद्धविराम समझौते के अंतर्गत, कीव और मास्को ने एक-दूसरे से 1,000 कैदियों की अदला-बदली पर सहमति व्यक्त की थी लेकिन श्री पुतिन ने शनिवार को कहा कि रूस को यूक्रेन से अभी तक किसी भी प्रकार की अदला-बदली के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
उल्लेखनीय है कि लगभग दो दशकों में पहली बार रेड स्क्वायर परेड में कोई सैन्य उपकरण नहीं शामिल किया गया जिसे क्रेमलिन आम तौर पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर रूसी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए आयोजित करता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal