दो मासूम बेटियों की हत्या के आरोपित ने जेल में काटी गर्दन, अस्पताल में भर्ती

कानपुर, 18 मई। जिला जेल कानपुर नगर में बंद दो मासूम बेटियों की हत्या के आरोपित ने रविवार को किसी धारदार वस्तु से अपनी गर्दन काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना नौबस्ता क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेस-दो किदवई नगर निवासी शशि रंजन मिश्रा ने बीते 19 अप्रैल को जुड़वा बेटियों रिद्धि और सिद्धि की हत्या कर दी थी। घटना के बाद बच्चों की मां रेशमा की तहरीर पर थाना नौबस्ता में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आज जिला जेल कानपुर नगर में बंद आरोपित ने किसी धारदार वस्तु से अपनी गर्दन काट ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जेल कर्मियों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल उर्सला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
फिलहाल घटना की सूचना पर संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। जेल अधीक्षक ने बताया कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित के पास धारदार वस्तु कैसे पहुंची।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal