मारुति सुजुकी की कारें होंगी महंगी: जून 2026 से ₹30,000 तक बढ़ेंगे दाम
-बढ़ती इनपुट कॉस्ट का हवाला देकर कंपनी ने किया एलान

नई दिल्ली, प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने जून 2026 से अपनी कारों की कीमतों में ₹30,000 तक की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि लगातार बढ़ती इनपुट कॉस्ट और कच्चे माल की महंगी कीमतों के चलते यह निर्णय लेना अनिवार्य हो गया है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि वह ग्राहकों पर पड़ने वाले इस अतिरिक्त वित्तीय बोझ को न्यूनतम रखने का पूरा प्रयास कर रही है।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि पिछले काफी समय से लागत को नियंत्रित करने के हरसंभव प्रयास किए गए थे, लेकिन उत्पादन खर्च अब एक ऐसे स्तर पर पहुँच गया है जिसे कंपनी अकेले वहन नहीं कर सकती। मारुति सुजुकी के पोर्टफोलियो में ₹3.49 लाख से ₹28.7 लाख तक की रेंज वाली गाड़ियां शामिल हैं, जो अब महंगी हो जाएंगी। इन मॉडलों पर अलग-अलग वेरिएंट के अनुसार मूल्य वृद्धि प्रभावी होगी, जिससे बजट और प्रीमियम दोनों तरह के खरीदारों पर असर पड़ेगा।
यह मूल्य वृद्धि ऐसे समय में घोषित की गई है जब कंपनी के पास करीब 1.9 लाख कारों की बुकिंग पेंडिंग है, जिसमें से बड़ी संख्या छोटी कारों की है। गौरतलब है कि पिछले साल जीएसटी नियमों में बदलाव के बाद छोटी कारों के दाम में कटौती की गई थी, लेकिन अब फिर से कीमतों में बढ़ोतरी से ग्राहकों को झटका लगा है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से भविष्य में कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों की जेब पर काफी भार पड़ेगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal