क्षेत्रीय तनाव के बीच मक्का में सुरक्षा के कड़े इंतजाम -एडवां..स एयर डिफेंस सिस्टम तैनात

मक्का, पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव और युद्ध की स्थितियों के बीच इस साल हज यात्रा के लिए सऊदी अरब ने अभूतपूर्व सुरक्षा तैयारियां की हैं। मक्का, मदीना और आसपास के पवित्र स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम, स्पेशल सैन्य यूनिट्स और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें मुस्तैद कर दी गई हैं। सऊदी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मक्का और मदीना के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एयर डिफेंस फोर्स पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। अगर इस पवित्र क्षेत्र की तरफ कोई मिसाइल, ड्रोन या अन्य हवाई खतरा आता है, तो उसे तुरंत हवा में ही मार गिराया जाएगा। सुरक्षा को सैन्य स्तर तक बढ़ाते हुए मक्का में पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और काउंटर ड्रोन सिस्टम स्काईगार्ड को तैनात किया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि इस गंभीर क्षेत्रीय संकट और हवाई यातायात की बाधाओं के बावजूद इस साल हज यात्रियों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अब तक 15 लाख 18 हजार से अधिक विदेशी जायरीन सऊदी अरब पहुंच चुके हैं, जो पिछले साल की संख्या से भी ज्यादा है। युद्ध, महंगी उड़ानों और हवाई क्षेत्र के संकट के बाद भी जायरीनों के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी जा रही है। 25 मई से शुरू हो रही हज की औपचारिकताओं को देखते हुए अगले दो दिनों में इस आंकड़े के और बढ़ने की उम्मीद है। यह सुरक्षा तैयारियां ऐसे समय में की जा रही हैं जब अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। पिछले दिनों हुए हमलों और जवाबी कार्रवाइयों के कारण खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे संवेदनशील माहौल में सऊदी प्रशासन हज यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। सुरक्षा के साथ-साथ इस बार मक्का में भीषण गर्मी भी एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इस स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने जायरीनों को लगातार छाते का इस्तेमाल करने की सलाह दी है, जिससे धूप का असर काफी हद तक कम किया जा सके। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, सीधी धूप से बचने की हिदायत दी गई है और आपातकालीन स्थितियों के लिए विशेष मेडिकल टीमें और क्लीनिक भी चौबीसों घंटे तैनात किए गए हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal