भारत-कनाडा फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बनी सहमति: व्यापार और निवेश को मिलेगी नई गति

ओटावा, भारत और कनाडा ने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मुक्त व्यापार समझौते (एफ़टीए) पर अपनी सहमति व्यक्त की है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग पर गहन चर्चा की। दोनों देशों का लक्ष्य इस साल के अंत तक रुकी हुई व्यापार वार्ता को सफलतापूर्वक पूरा करना है, जो दोनों देशों के व्यवसायों के लिए एक गेम चेंजर साबित होगा।
इस समझौते को लेकर दोनों पक्षों के बीच अब तक दो दौर की बातचीत सफल रही है। कनाडा अपने व्यापारिक साझेदारों के आधार को विविधतापूर्ण बनाना चाहता है और लगभग 300 अरब डॉलर के नए निर्यात अवसर तलाश रहा है। भारत और कनाडा के प्रधानमंत्रियों ने अपने वार्ताकारों को निर्देश दिया है कि इस व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को मिशन मोड में पूरा किया जाए, ताकि 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार के बड़े लक्ष्यों को हासिल किया जा सके।
अपनी कनाडाई यात्रा के दौरान पीयूष गोयल ने इसे द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक ‘नई शुरुआत’ बताया है। ऊर्जा, एग्री-फूड, शिक्षा और प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है। ओटावा में आयोजित प्रेस वार्ता में कनाडाई मंत्रियों ने भी इस दिशा में तेजी से काम करने का भरोसा दिलाया है। यह समझौता न केवल दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को मजबूती देगा, बल्कि भारत और कनाडा के बीच भरोसे के एक नए युग का सूत्रपात करेगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal