भारत-आस्ट्रेलिया की साझेदारी वर्तमान में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण: पेनी वोंग
कैनबरा/नई दिल्ली, क्वाड समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक और ‘ऑस्ट्रेलिया-भारत विदेश मंत्रियों की वार्ता’ में भाग लेने के लिए भारत आ रहीं ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा है कि उनके देश और भारत के बीच साझेदारी आज के समय में सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण हो गई है।
सुश्री वोंग ने सोमवार को कहा, “ऑस्ट्रेलिया और भारत की साझेदारी कभी भी इतनी प्रभावी नहीं रही।” उन्होंने कहा कि दोनों देश ‘व्यापक रणनीतिक भागीदार’ के रूप में व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, जलवायु, ऊर्जा परिवर्तन, रणनीतिक तकनीक और शिक्षा व कौशल जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और गहरा कर रहे हैं। हमारे इस मजबूत रिश्ते की असली ताकत दोनों देशों के लोगों का आपसी जुड़ाव है।
एक बयान में सुश्री वोंग ने इस अनिश्चित दौर में क्वाड को एक बेहद ज़रूरी साझेदारी बताया। उन्होंने कहा, “हिंद-प्रशांत क्षेत्र के शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध भविष्य के लिए चारों देश मिलकर काम कर रहे हैं।” आस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री ने कहा कि क्वाड के चारों सदस्य देश ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका साझा हितों से जुड़े मुद्दों जैसे समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, बुनियादी ढांचे के विकास और आपदा राहत पर मिलकर ठोस परिणाम दे रहे हैं।
भारत दौरे के दौरान सुश्री वोंग भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ 17वीं ‘ऑस्ट्रेलिया-भारत विदेश मंत्रियों की रूपरेखा वार्ता’ भी करेंगी।
आस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री ने कहा, “अल्बनीज सरकार ऑस्ट्रेलिया के वैश्विक संबंधों को मजबूत करना जारी रखेगी। मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया के सुरक्षित भविष्य के लिए हम क्वाड जैसे मंचों पर और भी अधिक लगन से काम करेंगे।”
गौरतलब है कि क्वाड विदेश मंत्रियों की यह अहम बैठक 26 मई को नई दिल्ली में होने जा रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal