यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई स्थानों पर रूसी हवाई हमला, 10 की मौत, 100 घायल

कीव (यूक्रेन), 03 जून रूस ने सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर देश के अन्य हिस्सों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम 10 लोग मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हो गए। हमलों में कीव में चार और सेंट्रल शहर नीप्रो में छह लोगों की जान चली गई। रूस ने मिसाइल और ड्रोन से राजधानी को निशाना बनाया। हमले में अनेक रिहायशी और वाणिज्यिक इमारतों को नुकसान पहुंचा। आग लगने से कई कारें जल गईं।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि रूस ने बैलिस्टिक मिसाइल हमले की चेतावनी दी। इसके कुछ देर बाद राजधानी कीव में लगातार कई धमाके हुए। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि यह बहुत बड़ा हमला है। क्लिट्स्को के मुताबिक, पोडिल्स्की जिले में एक बहुमंजिला इमारत के मलबे में लोग अभी भी फंसे हुए हैं। कीव शहर के मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख टिमुर तकाचेंको ने टेलीग्राम पर लिखा, शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि मलबे में कुछ लोग फंसे हुए हैं।
कीव के रीजनल गवर्नर, मायकोला कलाश्निक ने कहा, पूरी रात दुश्मन ने ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल करके कीव इलाके पर बड़े हमले किए। हमारे शांत कस्बों और गांवों पर एक बार फिर हमला हुआ। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को दिन में नागरिकों को एक संभावित बड़े रूसी हमले की चेतावनी दी थी। रूसी हमले तब हुए जब यूक्रेन ने रूसी तेल एसेट्स पर हमले बढ़ा दिए हैं। जेलेंस्की के अनुसार, यूक्रेन ने इस साल अब तक 15 रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमला किया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal