.ओमान तट पर तेल टैंकर में लगी आग, सुरक्षित हैं भारतीय नाविक

मस्कट, । पश्चिम एशिया में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के निकट एक तेल टैंकर में आग लगने की घटना सामने आई है। राहत की बात यह है कि जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। भारत सरकार ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ा दिया है।
शिपिंग मंत्रालय के अनुसार मेडागास्कर ध्वज वाले तेल टैंकर मारिवेक्स में स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे आग लगी। संघीय बंदरगाह एवं जहाजरानी निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के समय जहाज में कोई माल नहीं था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक घटना ओमान तट से लगभग 15 समुद्री मील दूर हुई। बताया जा रहा है कि जहाज के इंजन रूम में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद भीषण आग भड़क उठी। विस्फोट से इंजन रूम में बड़ा छेद हो गया और जहाज का संतुलन प्रभावित हुआ। स्थिति गंभीर होते ही चालक दल ने आपातकालीन एसओएस संदेश भेजा, जिसके बाद बचाव एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उनकी सुरक्षा और संभावित निकासी को लेकर विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों, भारतीय नौसेना तथा रक्षा मंत्रालय के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है। केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal