Sunday , June 14 2026

एलन मस्क की SpaceX बनी दुनिया की 7वीं सबसे बड़ी कंपनी, वैल्यू जान होश उड़ जाएंगे

एलन मस्क की SpaceX बनी दुनिया की 7वीं सबसे बड़ी कंपनी, वैल्यू जान होश उड़ जाएंगे

न्यूयॉर्क, 14 जून अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक की दुनिया में एक बहुत बड़ा इतिहास रचा गया है। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने अमेरिकी शेयर बाजार ‘वॉल स्ट्रीट’ पर कदम रखते ही धमाका कर दिया है। लिस्टिंग के पहले ही दिन स्पेसएक्स की मार्केट वैल्यू (मूल्यांकन) लगभग $2.19 ट्रिलियन (लाख करोड़ डॉलर) आंकी गई है। इस ऐतिहासिक कामयाबी के साथ ही स्पेसएक्स दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की खास कैटेगिरी में शामिल हो गई है और अब यह दुनिया की 7वीं सबसे मूल्यवान पब्लिक कंपनी बन गई है। निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की किसी कंपनी के लिए यह सफलता अकल्पनीय मानी जा रही थी।

दुनिया की टॉप-7 सबसे मूल्यवान कंपनियां कौन सी हैं?

स्पेसएक्स ने जिन दिग्गजों के क्लब में एंट्री मारी है, वे सभी तकनीकी दुनिया के बेताज बादशाह हैं। आइए इनके बारे में जानते हैं।

1-एनवीडिया (NVIDIA):- जेन्सेन हुआंग की यह कंपनी दुनिया भर में चल रही एआई (AI) क्रांति की अगुवाई कर रही है। डेटा सेंटर्स और जेनरेटिव एआई मॉडल को चलाने वाले विशेष जीपीयू (GPUs) चिप्स बनाने में इसका एकाधिकार है, जिसकी वजह से इसकी वैल्यू आसमान छू रही है।

2- अल्फाबेट (Alphabet):- गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट आज भी डिजिटल विज्ञापन की दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है। गूगल सर्च, यूट्यूब और क्लाउड सेवाओं के साथ-साथ इसका ‘जेमिनी एआई’ (Gemini AI) इसे भविष्य की रेस में सबसे आगे रखता है।

3-एप्पल (Apple):- आईफोन (iPhone), मैक और अपनी प्रीमियम सेवाओं के मजबूत नेटवर्क के दम पर एप्पल लगातार दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शीर्ष पर बनी हुई है। ग्राहकों की वफादारी इसके ऊंचे मुनाफे वाले बिजनेस को मजबूती देती है।

4-माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft):- एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और अपनी ‘एज़्योर’ (Azure) क्लाउड सर्विस के जरिए यह कंपनी क्लाउड कंप्यूटिंग में लीडर है। चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ‘ओपनएआई’ (OpenAI) के साथ इसकी साझेदारी ने इसे एआई रेस का सिकंदर बना दिया है।

5-अमेज़न (Amazon):- यह कंपनी दुनिया भर के ई-कॉमर्स बाजार पर राज करने के साथ-साथ ‘एीडब्ल्यूएस’ (AWS) क्लाउड सर्विस की भी लीडर है। अमेज़न का रिटेल बिजनेस भले ही बड़ा हो, लेकिन उसका असली मुनाफा एडब्ल्यूएस क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर से आता है।

6-टीएसएमसी (TSMC):- ताइवान की यह कंपनी दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर (चिप) निर्माता है। यह एप्पल, एनवीडिया और एएमडी जैसी दिग्गज कंपनियों के लिए सबसे एडवांस चिप्स बनाती है। ग्लोबल इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन की यह असली रीढ़ है।

7-स्पेसएक्स (SpaceX):- अब इस एलीट लिस्ट में 7वें नंबर पर स्पेसएक्स आ चुकी है। एलन मस्क की अगुवाई में इस कंपनी ने उपग्रह इंटरनेट सेवा ‘स्टारलिंक’ (Starlink) के तेजी से विस्तार और बार-बार इस्तेमाल होने वाले (Reusable) रॉकेटों के आविष्कार से अपनी वैल्यू को $2.19 ट्रिलियन तक पहुंचाया है।

स्पेसएक्स की इस कामयाबी का राज क्या है?

स्पेसएक्स केवल रॉकेट उड़ाने वाली कंपनी नहीं है, बल्कि इसने अंतरिक्ष विज्ञान के पूरे अर्थशास्त्र को बदलकर रख दिया है। कंपनी की सफलता के दो मुख्य स्तंभ हैं।
सस्ता और बार-बार इस्तेमाल होने वाला रॉकेट

पहले रॉकेट एक बार अंतरिक्ष में जाने के बाद नष्ट हो जाते थे, जिससे स्पेस मिशन बेहद महंगे होते थे। मस्क की कंपनी ने ऐसे रॉकेट बनाए जो अंतरिक्ष में उपग्रह छोड़कर वापस जमीन या समुद्र में सुरक्षित लैंड कर जाते हैं। इससे स्पेस लॉन्चिंग का खर्च कई गुना कम हो गया है।
स्टारलिंक (Starlink)

स्पेसएक्स ने पृथ्वी की निचली कक्षा में हजारों छोटे उपग्रहों का एक जाल बिछाया है, जिसे ‘स्टारलिंक’ कहा जाता है। इसके जरिए कंपनी दुनिया के सबसे सुदूर और पिछड़े इलाकों में भी सीधे अंतरिक्ष से हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचा रही है, जिससे इसकी कमाई और वैल्यूएशन दोनों में विस्फोटक बढ़त हुई है।

आज स्पेसएक्स न केवल कमर्शियल सैटेलाइट लॉन्चिंग और स्पेस लॉजिस्टिक्स (सामान पहुंचाना) में दुनिया की नंबर वन कंपनी बन चुकी है, बल्कि यह इंसानों को मंगल ग्रह पर ले जाने और अंतरिक्ष पर्यटन को आम बनाने के सपने को भी सच करने के बेहद करीब है।

सियासी मियार की रीपोर्ट