रेलवे ने 9 टन से ज्यादा आलूबुखारे कश्मीर से चेन्नई और कोलकाता भेजे

जम्मू, 28 जून कश्मीर के मौसमी फलों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए, उत्तर रेलवे के जम्मू डिवीजन ने पिछले पांच दिन में पार्सल सेवा के जरिए नौ टन से ज्यादा ताजे आलूबुखारे चेन्नई और कोलकाता भेजे हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि चेरी और लीची की सफल लोडिंग के बाद, आलूबुखारे की यह खेप जम्मू-कश्मीर से देश के अलग-अलग हिस्सों में ताजे फल पहुंचाने की कड़ी में अगला अहम कदम है।
उन्होंने बताया कि जम्मू डिवीजन ने शुक्रवार को श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से चेन्नई के लिए ताजे आलूबुखारे के 284 पैकेट (तीन टन) भेजे। इसके अलावा 22 से 25 जून के बीच जम्मू तवी से कोलकाता के लिए आलूबुखारे के लगभग 587 पैकेट (6.1 टन) भेजे गए।
जम्मू के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने कहा कि कटरा और जम्मू तवी से आलूबुखारे की सफल लोडिंग विभाग के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, ‘‘चेरी और लीची के बाद, आलूबुखारे की लोडिंग यह साबित करती है कि हमारी कोशिशें कश्मीर के किसानों को सीधे बड़े बाजारों से जोड़ रही हैं। रेलवे तेजी से बुकिंग और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि मकसद यह पक्का करना है कि कश्मीर का हर मौसमी फल देश के हर कोने तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और बागवानों को रेलवे की पार्सल सेवा का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा कि पार्सल सेवा के जरिए जम्मू डिवीजन कश्मीर के बागवानों को सीधे राष्ट्रीय बाजार से जोड़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘चेरी और लीची के बाद लगातार आलूबुखारे की लोडिंग यह दिखाती है कि रेलवे ताजे और जल्दी खराब होने वाले फलों के परिवहन के लिए सबसे भरोसेमंद और किफायती विकल्प के तौर पर उभर रहा है। इससे किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं और ग्राहकों तक ताजे फल समय पर पहुँच रहे हैं।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal