स्यूटा संकट के बीच स्लोवाकिया ने शेंगेन सीमा सुरक्षा मजबूत करने पर दिया जोर

ब्रातिस्लावा, 06 अगस्त। स्लोवाकिया के गृह मंत्री मातुस सुताज एस्तोक ने कहा है कि स्पेन के स्यूटा में उत्पन्न स्थिति को देखते हुए यूरोपीय संघ (ईयू) को शेंगेन क्षेत्र की बाहरी सीमाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर सदस्य देशों को फिर से आंतरिक सीमा जांच लागू करनी पड़ सकती है, जिससे यूरोप में निर्बाध आवागमन की व्यवस्था प्रभावित होगी।
श्री एस्तोक ने मंगलवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा, “मैंने यूरोपीय स्तर पर अवैध प्रवासन से निपटने के लिए स्लोवाकिया का पक्ष और ठोस सुझाव अपने सहयोगियों के समक्ष रखे हैं। या तो हम यूरोप की बाहरी सीमाओं की रक्षा करें या फिर शेंगेन सदस्य देशों के बीच सीमा जांच, काफिले और लंबी प्रतीक्षा का दौर वापस आ जाएगा।”
उन्होंने कहा कि स्लोवाकिया स्पेन की सीमा सुरक्षा में सहयोग के लिए अपने पुलिसकर्मी और आवश्यक उपकरण भेजने को तैयार है।
इस बीच, आयरलैंड के न्याय मंत्री जिम ओ’कैलाघन ने कहा कि अवैध प्रवासन से निपटने के लिए यूरोपीय संघ स्पेन के साथ एकजुटता से खड़ा है और इस दिशा में उसकी त्वरित कार्रवाई की सराहना करता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह उत्तरी अफ्रीका में मोरक्को की सीमा से लगे स्पेन के स्वायत्त शहर स्यूटा में बड़ी संख्या में प्रवासी पहुंच गये थे। एक ही दिन में लगभग 60 हजार लोगों ने सीमा पार की, जबकि शहर की कुल आबादी लगभग 85 हजार है।
इस घटनाक्रम के बाद डेनमार्क, इटली, चेक गणराज्य और फिनलैंड सहित कई यूरोपीय संघ सदस्य देशों के अधिकारियों ने स्पेन की शेंगेन क्षेत्र की सदस्यता अस्थाई रूप से निलंबित करने की मांग की है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal