Saturday , August 22 2026

स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की 17 साल बाद भारत में वापसी, मुंबई और कोपेनहेगन के बीच शुरू करेगी उड़ान

स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की 17 साल बाद भारत में वापसी, मुंबई और कोपेनहेगन के बीच शुरू करेगी उड़ान

नई दिल्ली। यूरोप की विमान सेवा कंपनी स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस (एसएएस) ने भारत में 17 साल बाद वापसी करते हुए मुंबई और डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के बीच सीधी नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू करने की घोषणा की है।

एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि यह सेवा 01 अक्टूबर से सप्ताह शुरू होगी और सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध होगी। यह हवाई संपर्क उत्तरी यूरोप और भारत की जीवंत वित्तीय राजधानी के बीच यात्रा, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नये अवसर खोलेगा।

नई सेवा कोपेनहेगन एयरपोर्ट की एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में भूमिका को भी मजबूत करेगी। यात्रियों को न्यूयॉर्क, बोस्टन और टोरंटो सहित एसएएस के प्रमुख लॉन्ग-हॉल और यूरोपीय गंतव्यों के लिए सुविधाजनक संपर्क मिलेगा।

एयरलाइंस इस मार्ग पर एयरबस ए330 विमान का परिचालन करेगी। मंगलवार और गुरुवार को छोड़कर यह उड़ान सप्ताह के अन्य सभी पांच दिन सुबह 6.30 बजे मुंबई से उड़ान भरेगी और वापसी की उड़ान अगले दिन तड़के 4.30 बजे मुंबई पहुंचेगी।

एसएएस के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी पॉल वेरहेगेन ने कहा, “हम मुंबई के लिए अपनी नई नॉन-स्टॉप सेवा में यात्रियों का स्वागत करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। यह रणनीतिक रूट एसएएस के लिए एक असाधारण उपलब्धि है। हम 01 अक्टूबर से अपने यात्रियों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”

भारत में एसएएस के एक्सक्लूजिव सेल्स एजेंट इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट के निदेशक जे.बी. सिंह ने कहा, “स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की भारत में वापसी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। तीन दशकों से अधिक समय से चली आ रही हमारी साझेदारी भारत-स्कैंडिनेविया बाजार की दीर्घकालिक संभावनाओं में हमारे साझा विश्वास को दर्शाती है। मुंबई-कोपेनहेगन रूट न केवल सीधे और उच्च गुणवत्ता वाले कनेक्शन की बढ़ती मांग को पूरा करेगा, बल्कि व्यापार, वाणिज्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगा।”

सियासी मियार की रीपोर्ट