सागर शराब त्रासदी पर कांग्रेस का वार, मल्लिकार्जुन खड़गे बोले-जवाबदेही से भाग रही डबल इंजन सरकार

नई दिल्ली, 10 सितंबर मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मध्य प्रदेश में भाजपा भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा लांघ चुकी है और लापरवाही का आलम यह है कि अब लोगों की जान की भी कोई कीमत नहीं बची।” मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 31 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 11 लोग अब भी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। 31 परिवार उजड़ गए, किसी का बेटा गया, किसी का पिता तो किसी का पति, लेकिन भाजपा सरकार के लिए यह भी बस एक और हादसा है।
उन्होंने कहा कि यही पिछले 22 साल से भाजपा का तरीका बन चुका है। खड़गे ने कई घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बालाघाट में 27 से ज्यादा बच्चों की मौत हुई। हाईकोर्ट को सरकार को फटकार लगानी पड़ी क्योंकि भाजपा की सरकार 1 महीने बीत जाने के बाद भी सर्वे रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी।इंदौर में दूषित पानी ने 36 लोगों की जान ले ली। जहरीली कफ सिरप से 25 बच्चों की मौत हो गई। वहीं सीधी में एक साल में 53 प्रसूताओं की मौत हो गई।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जहर शराब में हो, पानी में हो या दवा में, हर बार कीमत मध्य प्रदेश की जनता अपनी जान देकर चुका रही है। डबल इंजन सरकार जवाबदेही से दोगुनी रफ्तार से भागती नजर आती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जनता जब न्याय मांगती है तो जवाब में वाटर कैनन और आंसू गैस चलाई जाती है। केंद्र हो या भाजपा की राज्य सरकारें, जवाबदेही कोई नहीं लेता और सजा किसी को नहीं मिलती।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal