Sunday , September 13 2026

फेड के बयान, महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी निवेशकों की नजर

फेड के बयान, महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी निवेशकों की नजर

मुंबई, 13 सितंबर घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में कच्चे तेल के अलावा निवेशकों की निगाह अमेरिकी फेडरल रिजर्व के बयान और महंगाई के घरेलू आंकड़ों पर रहेगी।

कच्चे तेल में बीते सप्ताह रही बड़ी तेजी के कारण शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिली। इस सप्ताह भी यह बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

इसके अलावा, फेड की मुक्त बाजार समिति की बैठक 15 और 16 सितंबर को होने वाली है। इसका असर दुनिया के दूसरे देशों के साथ भारतीय शेयर बाजारों पर भी होगा।

घरेलू स्तर पर खुदरा और थोक महंगाई के आंकड़े भी इसी सप्ताह आने वाले हैं। इस पर भी निवेशकों की नजर होगी।

बीते सप्ताह बाजार में चौतरफा बिकवाली रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,733.67 अंक (2.27 प्रतिशत) की साप्ताहिक गिरावट के साथ शुक्रवार को 74,781.76 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी सप्ताह के दौरान 499.60 अंक यानी 2.09 प्रतिशत टूटकर 23,398.10 अंक पर आ गया। प्रमुख सूचकांकों के मुकाबले वृहत बाजार में दबाव कम रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.09 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.94 फीसदी लुढ़क गया।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 25 में गत सप्ताह गिरावट रही। इंफोसिस को सबसे अधिक 8.12 प्रतिशत का नुकसान हुआ। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 6.72 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 4.84, टीसीएस का 4.30, टेक महिंद्रा का 3.30, टाटा स्टील का 3.25, अल्ट्राटेक सीमेंट का 3.10 और आईसीआईसीआई बैंक का 3.08 प्रतिशत लुढ़क गया।

आलोच्य सप्ताह में सन फार्मा का शेयर तीन प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 2.72 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 2.48, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी का 2.28 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.03 प्रतिशत टूटा।

भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 1.97 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.54, आईटीसी का 1.46, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.45, ट्रेंट का 1.43 और एलएंडटी का 1.29 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। एचडीएफसी बैंक का शेयर 0.72 प्रतिशत, भारती एयरटेल का 0.54, इंडिगो का 0.12 और टाइटन का 0.10 प्रतिशत गिर गया।

अडानी पोर्ट्स का शेयर सबसे अधिक 3.28 फीसदी चढ़ा। पावरग्रिड में 1.17 प्रतिशत, एनटीपीसी में 0.21 और बीईएल में 0.07 प्रतिशत की तेजी रही।

सियासी मियार की रीपोर्ट