इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में खेलेंगे मुकेश कुमार, नॉटिंघमशायर ने साइन किया

नई दिल्ली, 15 सितंबर । भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार 2026 काउंटी चैंपियनशिप सीजन के आखिरी दो मुकाबलों में नॉटिंघमशायर की तरफ से खेलेंगे। इंग्लैंड के काउंटी क्लब ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
32 वर्षीय मुकेश ने भारत के लिए 26 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 32 विकेट लिए हैं, जिनमें तीन टेस्ट मैच भी शामिल हैं। उनके आने से टूर्नामेंट के अहम दौर में नॉटिंघमशायर की बॉलिंग मजबूत होगी। काउंटी में खेलने का यह मौका पहली बार होगा जब मुकेश भारत के बाहर किसी घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं सीजन के अहम समय पर नॉटिंघमशायर के साथ जुड़कर बहुत खुश हूं। मैं इंग्लैंड पहुंचने और काउंटी क्रिकेट में खुद को आजमाने के लिए बेताब हूं। यहां रहते हुए मैं नॉटिंघमशायर को सफल बनाने में जितना हो सके योगदान देना चाहता हूं, और मैं कोचों और अपने नए साथियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। इंग्लैंड आना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। मैं नई परिस्थितियों में नई टीम के लिए खेलने के मौके को लेकर उत्साहित हूं। जब तक मैं नॉटिंघमशायर का हिस्सा हूं, मैं अपना सब कुछ दूंगा, उम्मीद है कि हम मिलकर सफल हो सकते हैं।”
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले मुकेश ट्रेंट ब्रिज में एक शानदार फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड लेकर आ रहे हैं, जिन्होंने 61 मुकाबलों में 21.79 की औसत से 233 विकेट लिए हैं। इस दौरान 10 बार पारी में 5 विकेट चटकाए। चेन्नई में ईस्ट जोन को दिलीप ट्रॉफी का खिताब जिताने के बाद मुकेश इंग्लैंड पहुंच रहे हैं और मैच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
नॉटिंघमशायर के हेड कोच पीटर मूर्स ने इस डील का स्वागत करते हुए गेंदबाज की काबिलियत और हालिया प्रतियोगी लय पर जोर देते हुए कहा, “सीजन के इस अहम समय में मुकेश का हमारी टीम में आना बहुत खुशी की बात है। वह हाल ही में दिलीप ट्रॉफी फाइनल के एक बहुत कड़े मुकाबले से आ रहे हैं, जिसमें उनकी टीम जीती थी और ईस्ट जोन की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। एक गेंदबाज के तौर पर मुकेश की काबिलियत पर कोई शक नहीं है, खासकर यह जानते हुए कि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए कितना कड़ा मुकाबला होता है। क्लब के लिए दो बड़े मुकाबलों से पहले ऐसा खिलाड़ी मिलना बहुत अच्छी बात है जो मैच के लिए पूरी तरह तैयार हो और जबरदस्त प्रतिस्पर्धी फॉर्म में हो।”
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal