Saturday , September 26 2026

जिंस लागत के दबाव में यात्री वाहनों की कीमतें चरणबद्ध ढंग से बढ़ाने पर विचार: टाटा मोटर्स

जिंस लागत के दबाव में यात्री वाहनों की कीमतें चरणबद्ध ढंग से बढ़ाने पर विचार: टाटा मोटर्स

नयी दिल्ली, 25 सितंबर। वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेश चंद्रा ने शुक्रवार को कहा कि कंपनी यात्री वाहनों की कीमतों में जिंस लागत बढ़ने के दबाव के बीच आगे भी चरणबद्ध ढंग से बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है।

चंद्रा ने कंपनी की नई सेडान कार ‘एरिस’ की पेशकश के अवसर पर कहा कि टीएमपीवी जिंस लागत में हुई बढ़ोतरी के एक महत्वपूर्ण हिस्से का बोझ अभी खुद ही उठा रही है और लागत घटाने के प्रयास भी जारी रखे हुए है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम हर महीने इसकी समीक्षा कर रहे हैं कि वाहन कीमतों में एक निश्चित स्तर की बढ़ोतरी करने का अवसर कब मिलेगा। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी छोटी-छोटी किस्तों में की जाएगी ताकि मांग पर तत्काल असर न पड़े।’’

टाटा मोटर्स ने इस महीने की शुरुआत में अपने वाणिज्यिक वाहनों के सभी खंडों में एक प्रतिशत तक कीमतें एक अक्टूबर से बढ़ाने की घोषणा की थी।

चंद्रा ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद से वाहन कंपनियों की तरफ से कीमतों में कुल बढ़ोतरी पांच प्रतिशत से कम रही है। इस दौरान बाजार में छूट भी कम हुई है क्योंकि आपूर्ति मांग की तुलना में कुछ पीछे रही है।

उन्होंने कहा, ‘जिंस लागत में बढ़ोतरी को उसी गति से ग्राहकों पर डाल पाना संभव नहीं है। इससे मार्जिन पर दबाव पड़ रहा है और लागत घटाने के प्रयासों पर अधिक ध्यान देना पड़ रहा है।’

टीएमपीवी ने निजी और पारिवारिक इस्तेमाल के लिए कॉम्पैक्ट सेडान ‘एरिस’ पेश की है। इसके पेट्रोल संस्करण की शुरुआती कीमत 5.29 लाख रुपये और आईसीएनजी संस्करण के लिए 6.29 लाख रुपये रखी गई है। एरिस पेट्रोल और सीएनजी दोनों विकल्पों में मैनुअल एवं एएमटी ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध होगी।

कंपनी के मुताबिक, एरिस को केवल निजी खरीदारों के लिए पेश किया गया है और इसे टैक्सी खंड में उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। वाणिज्यिक और फ्लीट ग्राहकों के लिए कंपनी का ‘एक्सप्रेस-टी’ ब्रांड जारी रहेगा।

कॉम्पैक्ट सेडान खंड के बारे में चंद्रा ने कहा कि कुल सेडान बाजार में इसकी हिस्सेदारी भले ही घट रही हो, लेकिन इसकी बिक्री बढ़ रही है। पिछले एक साल में इस खंड की बिक्री करीब 25-26 प्रतिशत बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि जीएसटी में बदलाव का भी कॉम्पैक्ट सेडान खंड पर असर है और ग्राहकों का एक वर्ग इस तरह की कारों की मांग कर रहा है।

सियासी मियार की रीपोर्ट