गुरुग्राम की सड़क पर स्पोर्ट्स कार से करतब करने का वीडियो वायरल, चालक की तलाश
गुरुग्राम, के ‘गोल्फ कोर्स रोड’ पर एक महंगी स्पोर्ट्स कार से कथित तौर पर करतब करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस वीडियो के आधार पर कार के पंजीकरण नंबर की मदद से वाहन का पता लगाने और उसे चला रहे अज्ञात युवक को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
वीडियो में एक युवक स्पोर्ट्स कार चलाते हुए दिखाई दे रहा है। वह गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार में कार को मोड़कर ‘ड्रिफ्ट’ (कार को जानबूझकर फिसलाते हुए मोड़ने का करतब) करता नजर आ रहा है।
वीडियो में व्यस्त सड़क पर अन्य वाहन भी चलते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस करतब से अन्य वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ युवकों ने इस करतब का वीडियो बनाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया मंचों पर साझा किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कहा कि इस तरह के करतब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘स्पोर्ट्स कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर हम वाहन के मालिक की पहचान करने और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना के समय कार कौन चला रहा था। सार्वजनिक सड़कों पर करतब दिखाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal