Tuesday , October 6 2026

पाकिस्तान में परफॉर्मेंस और दिलजीत दोसांझ पर बेबाक बयान देकर चर्चा में आए सिंगर मीका सिंह, बताई पाकिस्तान जाने की असली वजह…

पाकिस्तान में परफॉर्मेंस और दिलजीत दोसांझ पर बेबाक बयान देकर चर्चा में आए सिंगर मीका सिंह, बताई पाकिस्तान जाने की असली वजह

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर अपने गानों के साथ-साथ हमेशा अपने बेबाक बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाले प्रसिद्ध बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह ने हाल ही में एक टॉक शो के पॉडकास्ट के दौरान अपनी जिंदगी और पुराने विवादों पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने साल 2019 में अपने पाकिस्तान दौरे और वहां परफॉर्म करने को लेकर चल रही चर्चाओं पर सफाई देते हुए कहा कि वहां जाने का उनका मुख्य उद्देश्य पैसा कमाना नहीं था, बल्कि वे पाकिस्तान में स्थित सिख धर्म के अत्यंत पवित्र धार्मिक स्थलों जैसे गुरुद्वारा ननकाना साहिब और गुरुद्वारा पंजा साहिब के दर्शन करना चाहते थे। उन्होंने यह भी बताया कि वहां उन्होंने कई स्थानीय लोगों और मुस्लिम भाइयों को गुरुद्वारों की सेवा और साफ-सफाई में मदद करते हुए देखा था।
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ और दिलजीत दोसांझ पर साधा निशाना, सनी देओल का समर्थन न करने पर जताई नाराजगी

पॉडकास्ट के दौरान मीका सिंह ने मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ की कार्यशैली पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बहुचर्चित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का ऐलान हुआ था, तब दिलजीत ने अभिनेता सनी देओल का धन्यवाद तक नहीं किया और न ही इस बड़ी देशभक्ति फिल्म के प्रमोशन में कोई खास दिलचस्पी दिखाई। इसके विपरीत, उन्होंने पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर के साथ अपने प्रोजेक्ट का प्रचार बहुत जोर-शोर से किया था। मीका के इस बयान के बाद एक बार फिर से संगीत और फिल्म इंडस्ट्री के गलियारों में नई बहस छिड़ गई है और सोशल मीडिया पर इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
अनुच्छेद 370 हटाने के बाद कराची दौरे पर हुआ था कड़ा विरोध, माफी के बाद वापस लिया गया था प्रतिबंध

गौरतलब है कि वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के तुरंत बाद मीका सिंह अपनी 14 सदस्यीय टीम के साथ पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने कराची गए थे। इस दौरे के बाद भारत में उनका भारी विरोध हुआ था, जिसके चलते फिल्म संस्थाओं जैसे FWICE और ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने उन पर अस्थाई बैन लगा दिया था। हालांकि, बाद में मीका सिंह द्वारा लिखित माफी मांगे जाने के बाद इस प्रतिबंध को वापस ले लिया गया था। अब एक बार फिर इस पुराने वाकये और इंडस्ट्री के साथी कलाकारों पर दिए गए उनके बयानों ने उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

सियासी मियार की रीपोर्ट