दुनिया को ज्ञान देने वाला देश है भारत : सुरेंद्र सिंह…
मेरठ, 04 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के प्रांत प्रचार प्रमुख सुरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत एक गुणवाचक शब्द है। हम ज्ञान की पूजा करते हैं और सरस्वती ज्ञान की देवी है।

दुनिया का ज्ञान देने वाला देश है भारत। हम विश्वगुरु इसीलिए थे, क्योंकि हम सरस्वती के पूजक थे। हम सरस्वती को ज्ञान की देवी के रूप में मानते हैं। जानकारी और ज्ञान में अंतर है। हम ज्ञानी के रूप में अपनी पहचान बनाएं।
विश्व संवाद केंद्र एवं चौधरी चरण सिंह विवि के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बसंतोत्सव पर सरस्वती पूजन एव सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जयंती पर कार्यक्रम आयोजित हुआ।
मुख्य वक्ता सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बसंत पंचमी को हम बसंत ऋतु के स्वागत के रूप में मनाते हैं। इसी दिन मां सरस्वती का प्रकटीकरण हुआ था। इस दिन को हम विद्या दिवस के रूप में भी मनाते हैं। इसे सभी ऋतुओं में सर्वश्रेष्ठ ऋतु के रूप में भी मानते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने कहा था कि वृक्षों में मैं पीपल और ऋतुओं में बसंत हूं। इसी से बसंत ऋतु की महत्ता को समझा जा सकता है। उन्होंने भारत की व्याख्या करते हुए कहा कि भारत दो शब्दों से मिलकर बना है ‘भा’ और ‘रत’। ‘भा’ का अर्थ है प्रकाश अर्थात ज्ञान की ओर ले जाना तथा ‘रत’ की अर्थ है उसमे निरंतर लगे रहना।
डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने सूर्यकांत त्रिपाठी निराला के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला को छायावाद का महेश, कठिन काव्य का प्रेत, छायावाद का गौरखनाथ, महाप्राण औघड़दानी तथा प्रयागराज के दारागंज का संत भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि आनंद के समय शांति भाव रखने की आवश्यकता होती है। आनंद के समय जितना हो चुपचाप रहा जाए, आनंद उतना ही स्थायी रहता है और तब ही उसकी अनुभूति का सच्चा सुख प्राप्त होता है।
विशिष्ट अतिथि भारतीय नाटय अकादमी की सदस्य नीता गुप्ता ने कहा कि मां भगवती स्वयं मां सरस्वती के रूप में अवतरित हुई। मन और तन जब एक साथ काम करते हैं तो कल्याण होता है। अपनी वाणी को शुद्ध रखे। बोलने से पहले सोचें। तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार के निदेशक प्रो. प्रशांत कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन बीनम यादव ने किया। इस दौरान अमरीश पाठक, डॉ. पायल, डॉ. देश दीपक, डॉ.अंशु भारद्वाज, मीनाक्षी कौशल, प्रशासनिक अधिकारी मितेंद्र गुप्ता, राकेश कुमार, ज्योति वर्मा, उपेश दीक्षित आदि उपस्थित रहे।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal