Saturday , December 28 2024

यूपी चुनाव : सपा के गढ़ मैनपुरी में सेंध लगाने को तैयार बीजेपी, अपने स्टार प्रचारकों की फौज उतारी…

यूपी चुनाव : सपा के गढ़ मैनपुरी में सेंध लगाने को तैयार बीजेपी, अपने स्टार प्रचारकों की फौज उतारी…

मैनपुरी, 17 फरवरी । यूपी विधानसभा चुनाव के दो चरणों के मतदान संपन्न हो चुके हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां ने अब तीसरे चरण के मतदान के लिए अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। तीसरे चरण का चुनाव 20 फरवरी को होना है। सपा का गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में भी इसी चरण में मतदान होना है। भाजपा यहां की सभी विधानसभा सीटों पर सेंध लगाने के लिए राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले और देश के गृहमंत्री अमित शाह को चुनाव प्रचार में लगाया है। अमित शाह, योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई बड़े चेहरे यहां प्रत्याशियों के समर्थन में सभा कर चुके हैं। इसके अलावा आसपास के जिलों के तमाम नेताओं ने मैनपुरी के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में डेरा डाल दिया है। बूथ स्तर तक की कमान संभालने के लिए कई जिलों के नेताओं को लगाया गया है।

सपा की मजबूती के चलते ही आज तक चाहे आज लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव यहां भाजपा के किसी भी राष्ट्रीय नेता या वरिष्ठ नेता ने आने की वह जहमत नहीं उठाई। मगर साल 2022 का चुनाव कुछ खास हो चुका है। इसीलिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी मैनपुरी में अपनी हुंकार दी है। अमित शाह ने तो अपने चुनावी दौरे के समय जनता से यह अपील की थी कि इस बार भारी संख्या में भाजपा को वोट देते हुए इस सपाई किले को ढहा दिया जाए।

2017 के चुनाव में लहर के बावजूद भाजपा यहां की सिर्फ एक सीट पर सेंध लगाने में कामयाब हो पाई। बाकी तीनों सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की। जबकि सपा के दूसरे गढ़ फिरोजाबाद की पांच में चार सीटें और कन्नौज की तीन में से दो सीटें भाजपा ने झटक ली थीं। भाजपा की नजर अब सपा के मैनपुरी के गढ़ पर है।सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यहां की करहल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।उनके सामने भाजपा ने केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को उतारा है। प्रो. एसपी सिंह बघेल कभी सपा का सिपाही हुआ करते थे। करहल सहित अन्य सीटों पर महामुकाबले के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की अपनी फौज उतार दी है। सपा के दिग्गजों ने भी यहां डेरा डाल दिया है।

मैनपुरी क्यों है खास

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ए वर्तमान में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की जन्मभूमि भले ही इटावा हो लेकिन उनकी कर्मभूमि मैनपुरी कही जाती है। उनकी पढ़ाई-लिखाई से लेकर उनके द्वारा किए गए शिक्षण कार्य तक उन्होंने मैनपुरी में ही पूरे किए। इस जिले से मुलायम सिंह यादव ने अपनी कर्मभूमि बनाकर राजनीतिक क्षेत्र में कई मुकाम हासिल किए। पहलवानी का शौक रखने वाले मुलायम सिंह यादव ने हमेशा ही राजनीतिक अखाड़े में भी अपने दांवपेंच से बड़े-बड़ों को पटखनी दी है। साल 1992 में सपा के गठन के बाद से लेकर लोकसभा चुनाव में सपा ने किसी को भी जीतने नहीं दिया। मैनपुरी का यह रिकॉर्ड अब तक कायम है। वहीं, विधानसभा चुनाव में भी जिले की 4 सीटों में से अधिकांश पर सपा का ही कब्जा रहा है।

सियासी मियार की रिपोर्ट