रुसी राजदूत ने अगर बात मान ली होती तो उन पर लाल रंग का पेंट फेंके जाने की घटना नहीं होती : पोलैंड के प्रधानमंत्री..

वारसॉ, 11 मई । पोलैंड के प्रधानमंत्री मातेउस मोरावित्स्की ने मंगलवार को कहा कि यदि पोलैंड में रूस के राजदूत सर्गेई आंद्रीव ने सोवियत सैन्य समारोह में शामिल नहीं होने की विदेश मंत्रालय की सलाह मान ली होती, तो उन पर लाल रंग का पेंट फेंके जाने की घटना नहीं होती। उल्लेखनीय है कि पोलैंड में प्रदर्शनकारियों ने द्वितीय विश्व युद्ध में जान गंवाने वाले रेड आर्मी के जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए वारसॉ के एक कब्रिस्तान पहुंचे रूसी राजदूत सर्गेई आंद्रीव पर सोमवार को लाल रंग का पेंट फेंक दिया था। आंद्रीव कब्रिस्तान में तत्कालीन सोवियत संघ के सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे थे, जहां यूक्रेन में रूस के युद्ध का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों का एक समूह उनका इंतजार कर रहा था। वीडियो फुटेज में प्रदर्शनकारियों को आंद्रीव पर पीछे से लाल पेंट फेंकते देखा जा सकता है। इसमें एक प्रदर्शनकारी उनके चेहरे पर पेंट फेंकता नजर आ रहा है। यूक्रेन का झंडा थामे प्रदर्शनकारियों ने आंद्रीव और रूसी प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों को कब्रिस्तान में पुष्पांजलि अर्पित करने से रोका। कुछ प्रदर्शनकारी यूक्रेन पर रूस के हमले के शिकार हुए लोगों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए, खून के धब्बों वाली सफेद चादरें लपेटे हुए थे। आंद्रीव के साथ कब्रिस्तान पहुंचे रूसी प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों पर भी लाल पेंट प्रतीत होने वाली तरल सामग्री फेंकी गई। कब्रिस्तान से सुरक्षित बाहर निकलने में रूसी राजदूत और उनके प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों की मदद करने के लिए पोलैंड पुलिस को वहां बुलाना पड़ा।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal