एससीओ सीमा सुरक्षा बलों के प्रमुखों की बैठक संपन्न..

नई दिल्ली, 18 जून। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के सीमा सुरक्षा बलों के प्रमुखों ने माना कि सीमाओं पर नई चुनौतियों एवं खतरों के संबंध में समान रुख का विकास तथा पेशेवराना वैचारिक आदान प्रदान सभी सदस्य देशों की सीमाओं पर सुरक्षा एवं विश्वास को मजबूत करने में योगदान देगा। एससीओ के सदस्य देशों के सीमा सुरक्षा बलों के प्रमुखों के तीन दिवसीय सम्मेलन के आज संपन्न होने पर सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह और एससीओ के क्षेत्रीय आतंकवाद निरोधक प्रणाली (आरएटीएस) की कार्य समिति के निदेशक मिर्ज़ाएव रस्लेन इर्कीनोविच ने एक वक्तव्य में इसकी जानकारी दी।
वक्तव्य में उन्होंने कहा कि एससीओ सदस्य देशों की सीमा सेवाओं के सक्षम प्राधिकारों के प्रमुखों की आठवीं बैठक भारत की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें कज़ाखस्तान, चीन, किर्गीज़ गणराज्य, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान और एससीओ -आरएटीएस की कार्य समिति के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में प्रतिभागियों ने एससीओ में सदस्य देशों की सीमाओं की स्थिति दर्शाने वाली सूचनाओं, रुझान एवं आगे होने वाली गतिविधियों के आकलन का आदान प्रदान किया। बैठक में वर्ष 2021 में संचालित किये गये संयुक्त सीमा अभियान ‘सॉलिडेयरिटी 2019-21’ के परिणामों की समीक्षा की गयी और उसकी सराहना की गयी। वर्ष 2022 में संयुक्त सीमा अभियान -‘फ्रेंडशिप बॉर्डर 2022’ की तैयारियों एवं संचालन की योजनाओं का जायजा लिया गया और उसे स्वीकृति प्रदान की गयी।
इसी के साथ वर्ष 2023 में चीन की अगुवाई में होने वाले संयुक्त सीमा अभियान -‘सॉलिडेयरिटी 2023’ में भाग लेने पर भी सहमति व्यक्त की गयी। उन्होंने माना कि पेशेवराना वैचारिक आदान प्रदान तथा सीमाओं पर नई चुनौतियों एवं खतरों के संबंध में समान रुख का विकास सभी सदस्य देशों की सीमाओं पर सुरक्षा एवं विश्वास को मजबूत करने में योगदान देगा। बैठक में वर्ष 2023 के लिए एससीओ सदस्य देशों की सीमा सेवाओं के सक्षम प्राधिकार के विशेषज्ञ समूह की कार्ययोजना को भी स्वीकृति प्रदान की गयी। पेशेवराना एवं रचनात्मक वातावरण में हुई इस बैठक में अगली बैठक के समय एवं स्थान को लेकर प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। बाद में बैठक में एससीओ -आरएटीएस कार्यसमिति के निदेशक श्री इर्कीनोविच ने पुलिस स्मारक जा कर शहीद सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal