आईएनएस तरकश पहुंचा नाइजीरिया के लागोस.

नई दिल्ली,। विभिन्न प्रकार के हथियारों और सेंसरों से लैस भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस तरकश भारत और नाइजीरिया के रिश्तों को मजबूती देने संबंधी पहलों के तहत गुरुवार को लागोस पहुंचा। इस यात्रा का आयोजन भारत और नाइजीरिया में राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं जयंती पर किया गया है।
भारतीय नौसेना में कैप्टन सतीश वासुदेव की कमान वाला आईएनएस तरकश नौसेना के सबसे शक्तिशाली फ्रंटलाइन फ्रिगेट्स में से एक है। यह हथियारों, सेंसरों की बहुमुखीरेंज से लैस है। आईएनएस तरकश भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का हिस्सा है और मुंबई स्थित फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ पश्चिमी नौसेना कमान की परिचालन कमान के अधीन है।
भारत और नाइजीरिया के बीच सहयोग को और गति देने के लिए नाइजीरिया के नौसेना अधिकारियों के साथ पेशेवर बातचीत की योजना है। इसके अलावा दोनों नौसेनाओं के बीच सामाजिक गतिविधियों और खेलों का आयोजन भी किया जाएगा।
भारत और नाइजीरिया के बीच परंपरागत रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देश लोकतंत्र, विकास और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को साझा करते हैं।
रक्षा सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए दोनों देशों में अनेक द्विपक्षीय प्रबंध मौजूद हैं। भारतीय सशस्त्र बल नाइजीरियाई सशस्त्र बलों के लिए भारत में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करते हैं।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति मोहम्मद गुहारी भी डिफेंस सर्विसेज के स्टॉफ कॉलेज वेलिंगटन के पूर्व छात्र हैं। भारतीय नौसेना मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित करने और मैत्रीपूर्ण देशों के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत बनाने के लिए अपने मिशन के एक हिस्से के रूप में भारतीय नौसेना के जहाजों को नियमित रूप से विदेशों में तैनात करती है।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal